पंजाब

Chandigarh: एसआईटी की पूछताछ में शामिल नहीं हुए सुखबीर बादल

Admindelhi1
11 Sept 2026 5:06 PM IST
Chandigarh: एसआईटी की पूछताछ में शामिल नहीं हुए सुखबीर बादल
x
फायरिंग मामले में सुखबीर बादल की गैरहाजिरी

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल शुक्रवार को 2015 के बेहबल कलां फायरिंग मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम के सामने पेश नहीं हुए। उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित पंजाब पुलिस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट में पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

सुखबीर बादल की ओर से परमबंस सिंह रोमाणा और अधिवक्ता अरशदीप सिंह कलेर सुबह करीब 11 बजे एसआईटी अधिकारियों से मिले। बादल ने लिखित रूप में चिकित्सा कारणों का हवाला देते हुए पेश होने में असमर्थता जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए डॉक्टर के पास जाना था। बादल ने 30 सितंबर तक का समय मांगा है। उनकी ओर से कहा गया कि आने वाले दिनों में राज्यभर में जनसभाओं और अन्य कार्यक्रमों के कारण उनका कार्यक्रम व्यस्त है। अकाली दल की ओर से एसआईटी से लिखित प्रश्नावली देने की मांग भी की गई है।

परमबंस सिंह रोमाणा ने एसआईटी की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी जांच में सहयोग करना चाहती है, लेकिन उन्हें आशंका है कि इस मामले के जरिए राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। रोमाणा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों ने भी सुखबीर बादल को मामले में घेरने के उद्देश्य से जांच को आगे बढ़ाया। रोमाणा ने कहा कि बेअदबी से जुड़े मामलों पर पिछले 10 वर्षों से राजनीति होती रही है, लेकिन अब तक न्याय नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी सरकार मुश्किल में होती है, इन मामलों को दोबारा उठाकर लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की जाती है।

Next Story