पंजाब

Chandigarh: नांदेड़ हमले पर मजीठिया का बड़ा बयान, दरबार साहिब हमले से जोड़ा मामला

Admindelhi1
14 Aug 2026 11:23 AM IST
Chandigarh: नांदेड़ हमले पर मजीठिया का बड़ा बयान, दरबार साहिब हमले से जोड़ा मामला
x
मजीठिया बोले- नांदेड़ हमला दरबार साहिब हमले से जुड़ा, हो सीबीआई जांच

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी के पास पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे बेहद गंभीर घटना बताते हुए केंद्र सरकार से इस हमले और दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब के बाहर हुए हमले की संयुक्त सीबीआई जांच कराने की मांग की।

मजीठिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि किसी बड़े सिख धार्मिक स्थल पर श्रद्धालु पर हमला होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल पर किसी प्रमुख सिख धार्मिक स्थल पर यह दूसरी बार हमला हुआ है, इसलिए दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध और सुरक्षा में हुई चूक की गहराई से जांच होनी चाहिए।

मजीठिया ने दिसंबर 2024 की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय नारायण सिंह चौड़ा ने श्री दरबार साहिब, अमृतसर के बाहर सुखबीर बादल पर गोली चलाने की कोशिश की थी। उन्होंने दावा किया कि उस घटना से पहले चौड़ा की गतिविधियों और संपर्कों को लेकर भी कई सवाल उठे थे, जिनका जवाब अब तक नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि नांदेड़ में हुए ताजा हमले के बाद यह पता लगाना और भी जरूरी हो गया है कि क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई कड़ी है, कहीं सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक तो नहीं हुई और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।

उधर, शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बलविंदर सिंह भूंदड़ और डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने भी चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान हमले पर चिंता जताई। डॉ. चीमा ने सुरक्षा चूक की निंदा करते हुए मामले की उच्चस्तरीय और अदालत की निगरानी में जांच की मांग की।

उन्होंने कहा कि सुखबीर सिंह बादल को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है, इसके बावजूद हमला होना गंभीर सवाल खड़े करता है। डॉ. चीमा ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं पर इस मामले को लेकर माहौल भड़काने के आरोप भी लगाए।

अकाली नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष और विस्तृत जांच जरूरी है, ताकि हमलों के पीछे की पूरी साजिश और सुरक्षा में हुई संभावित चूक सामने आ सके।

Next Story