पंजाब

Chandigarh: सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, शोकॉज नोटिस वापस लेगी पंजाब सरकार

Admindelhi1
10 Sept 2026 10:43 AM IST
Chandigarh: सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, शोकॉज नोटिस वापस लेगी पंजाब सरकार
x
पंजाब में सरकारी कर्मचारियों ने वापस ली हड़ताल, शोकॉज नोटिस भी वापस

चंडीगढ़: पंजाब में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे सरकारी कर्मचारियों ने बुधवार को हड़ताल समाप्त कर दी। पंजाब सचिवालय में कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की मुख्य सचिव केएपी सिन्हा के साथ हुई बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी।

बैठक के बाद मुख्य सचिव ने कहा कि कर्मचारी प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात की और अब हड़ताल आगे नहीं बढ़ाने पर सहमति जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हड़ताल वापस लिए जाने के बाद उनके खिलाफ जारी किए गए शोकॉज नोटिस भी वापस ले लिए जाएंगे। कर्मचारियों ने पहले अपनी मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में 11 सितंबर तक सामूहिक अवकाश लेकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया था। इससे पहले कर्मचारियों ने केवल 8 सितंबर को हड़ताल करने का ऐलान किया था, लेकिन सरकार और कर्मचारियों के बीच बने गतिरोध के चलते आंदोलन को आगे बढ़ाने का फैसला किया गया था।

कर्मचारी संगठनों के अनुसार 27 अगस्त को हुई हड़ताल के बाद करीब 2,500 कर्मचारियों की गैरहाजिरी को लेकर सरकार की ओर से कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई थी और संबंधित कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी किए गए थे। कर्मचारी संगठन लगातार इन नोटिसों को वापस लेने की मांग कर रहे थे।

इससे पहले मंगलवार को पंजाब सरकार ने हड़ताल पर गए कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ‘नो वर्क, नो पे’ लागू करने और गैरहाजिरी के मामले में विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी थी। बुधवार की बैठक के बाद फिलहाल दोनों पक्षों के बीच विवाद खत्म होता नजर आ रहा है। अब कर्मचारियों की मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस बैठक में कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों पर भी चर्चा होगी।

Next Story