Chandigarh: पंजाब में उर्वरक संकट गहराया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताई चिंता

चंडीगढ़: पंजाब में धान की बुआई के दौरान डीएपी और यूरिया खाद की उपलब्धता को लेकर राजनीतिक स्तर पर मांग तेज हो गई है। भाजपा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर राज्य में खाद की पर्याप्त और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
ढिल्लों ने पत्र में कहा कि हाल ही में 6 जून को हुई बैठक में भी इस विषय पर चर्चा की गई थी, लेकिन अब बुआई का सीजन चरम पर पहुंच चुका है, जिससे खाद की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में आपूर्ति में किसी भी तरह की कमी किसानों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर खाद की कमी के चलते किसानों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही उत्पादन पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आपूर्ति में कमी का फायदा उठाकर कुछ लोग जमाखोरी और कालाबाजारी कर रहे हैं, जिसके चलते किसानों को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।
ढिल्लों ने केंद्र सरकार से पंजाब के लिए अतिरिक्त डीएपी कोटा जारी करने, 2 से 3 लाख मीट्रिक टन बफर स्टॉक उपलब्ध कराने, यूरिया आपूर्ति का मासिक शेड्यूल साझा करने और रियल-टाइम निगरानी प्रणाली लागू करने की मांग की है।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब देश के अन्न भंडार में अहम योगदान देता है, ऐसे में खाद आवंटन के मौजूदा फॉर्मूले की समीक्षा कर राज्य को उसकी जरूरत के अनुसार अधिक कोटा दिया जाना चाहिए।





