पंजाब

Chandigarh: डीआईजी हरमनबीर सिंह संभालेंगे अमृतसर पुलिस की अतिरिक्त कमान

Admindelhi1
8 Aug 2026 11:01 AM IST
Chandigarh: डीआईजी हरमनबीर सिंह संभालेंगे अमृतसर पुलिस की अतिरिक्त कमान
x
अमृतसर पुलिस कमिश्नर पद का अतिरिक्त प्रभार हरमनबीर सिंह को

चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने शुक्रवार को अमृतसर पुलिस प्रशासन में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए डीआईजी (बॉर्डर रेंज) हरमनबीर सिंह को अमृतसर पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।

पंजाब के गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी हरमनबीर सिंह (डीआईजी बॉर्डर रेंज) पुलिस कमिश्नर, अमृतसर का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। उन्हें यह जिम्मेदारी गुरप्रीत सिंह भुल्लर, आईपीएस के स्थान पर दी गई है। तबादले और तैनाती संबंधी यह आदेश प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।

सरकार ने 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी गुरप्रीत सिंह भुल्लर को अगले आदेश तक पंजाब के पुलिस महानिदेशक कार्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं। उनकी नई तैनाती के आदेश बाद में जारी किए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों को अपने नए पद पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश भी दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि यह प्रशासनिक फेरबदल सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से किया गया है।

चंडीगढ़ में यह आदेश पंजाब सरकार के गृह मामलों के विभाग के प्रमुख सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह की ओर से जारी किया गया। आदेश की प्रतियां केंद्रीय गृह सचिव, पंजाब के मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव, पंजाब के पुलिस महानिदेशक, कार्मिक विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।

Next Story