पंजाब

Chandigarh: 1984 के मुद्दे पर कांग्रेस की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण : ढिल्लों

Admindelhi1
1 July 2026 12:08 PM IST
Chandigarh: 1984 के मुद्दे पर कांग्रेस की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण : ढिल्लों
x
1984 की घटनाओं को लेकर सियासत गरमाई

चंडीगढ़: हाल ही में सर्वोच्च श्री अकाल तख्त साहिब में विभिन्न राजनीतिक दलों के विधायकों की उपस्थिति के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा जून 1984 की घटनाओं पर चुप्पी साधे रखने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस के प्रत्येक विधायक को बोलने का समय मिला, लेकिन इसके बावजूद किसी एक ने भी 1984 के हमले के लिए माफी मांगना उचित नहीं समझा।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि सर्वोच्च धार्मिक स्थल श्री अकाल तख्त साहिब पर आम आदमी पार्टी सरकार को ‘जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट 2026’ की खामियों के संबंध में जत्थेदार साहिब द्वारा तलब कर सरकार की जवाबदेही तय की गई है। लेकिन कांग्रेस ने इस संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीति ही की है। जबकि इस ऐतिहासिक अवसर पर कांग्रेस पार्टी को 1984 के हमले के लिए माफी मांगनी चाहिए थी। तख्त साहिब पर पेश हुए कांग्रेस के किसी भी विधायक ने जून 1984 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा श्री अकाल तख्त साहिब पर किए गए हमले के बारे में एक शब्द तक क्यों नहीं कहा।

ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा 1984 का हमला सिखों की आध्यात्मिक आस्था पर हमला था, जिसे कोई भी सिख भूल नहीं सकता। लेकिन कांग्रेस विधायकों के पास अपनी पार्टी के इतिहास से जुड़े इस संवेदनशील मामले पर पश्चाताप व्यक्त करने का 42 वर्षों बाद ऐतिहासिक अवसर था। यदि वे चाहते, तो सिंह साहिब से कुछ समय मांगकर समूचे सिख जगत के सामने जून 1984 की घटनाओं के लिए खेद प्रकट कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा करना भी आवश्यक नहीं समझा।

यह उनकी नीयत और सोच को बेनकाब करता है।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस की तरह आम आदमी पार्टी ने भी बेअदबी विरोधी कानून बनाते समय सिखों की भावनाओं का ध्यान नहीं रखा, जो अब सबके सामने है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग और समूचा सिख जगत सब कुछ देख और समझ रहा है। कांग्रेस और आप को पंजाब की जनता इस बेईमानी का उचित जवाब देगी।

Next Story