Chandigarh: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, चीनी बांटकर केंद्र पर हमला

चंडीगढ़: चीनी की बढ़ती कीमतों के विरोध में चंडीगढ़ कांग्रेस ने बुधवार को सेक्टर-35 में अनोखा प्रदर्शन किया। पार्टी की ओर से लोगों को मुफ्त में एक-एक किलो चीनी के पैकेट बांटे गए। इन पैकेटों पर कांग्रेस का चुनाव चिन्ह ‘पंजा’ भी छपा हुआ था।
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने बताया कि कार्यक्रम में करीब 25 टन चीनी लोगों के बीच वितरित करने की व्यवस्था की गई। लक्की ने केंद्र सरकार से मांग की कि आम जनता को राहत देने के लिए चीनी की कीमतों में जल्द कमी की जाए। कार्यक्रम में मुफ्त चीनी मिलने की जानकारी आसपास के इलाकों में फैलते ही धनास, मनीमाजरा और मौलीजागरां सहित कई क्षेत्रों से लोग सेक्टर-35 पहुंचने लगे। कुछ ही देर में मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ने के कारण लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई और कुछ चीनी के पैकेट फट गए।
स्थानीय निवासी ने बताया कि वितरण शुरू होने के करीब 10 मिनट के भीतर ही चीनी खत्म हो गई। कई लोगों ने शिकायत की कि उन्हें चीनी नहीं मिल सकी। उनका कहना था कि जब वे वितरण काउंटर तक पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने चीनी खत्म होने की जानकारी दी।
कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि सरकार का ध्यान महंगाई की ओर खींचना है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम परिवारों पर बोझ बढ़ रहा है और सरकार को इस दिशा में जल्द कदम उठाने चाहिए।





