
चंडीगढ़: पंजाब में पिछले चार दिन में चाइनीज मांझे के कारण एक महिला व एक बच्चे की मौत हो चुकी है। चाइनीज डोर के कारण आए दिन हो रहे हादसों पर पंजाब पुलिस कटघरे में है, लेकिन अब राज्य के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत पतंगबाजी करके विवादों में घिर गए हैं।
कैबिनेट मंत्री ने पतंग उड़ाते हुए एक वीडियो पोस्ट किया, जिसके बाद भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने सवाल उठाया है कि कैबिनेट मंत्री चाइनीज डोर से पतंग उड़ा रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब सरकार ने चाइनीज डोर से खिलाफ मुहिम चला रखी है, लेकिन क्या सरकार चाइनीज डोर को लेकर सभी लोगों पर एक समान कार्रवाई करेगी।
सोमवार को शीतल ने एक वीडियो अपने 'एक्स' अकाउंट और फेसबुक पर जारी करते हुए कहा कि जालंधर में पंजाब सरकार का एक मंत्री गली में सरेआम चाइनीज डोर से पतंग चढ़ाते हुए नजर आया। इस तरह चाइनीज डोर से पतंगबाजी करके मंत्री क्या साबित करना चाहता है। क्या इस मामले में सरकार और जालंधर पुलिस कार्रवाई करेगी।





