Chandigarh: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का फैसला, सभी सीटों पर अकेले उतरेगी पार्टी

चंडीगढ़: पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना रुख स्पष्ट किया है। भाजपा के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी और सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और अकाली दल के विभिन्न धड़ों के बीच पर्दे के पीछे बातचीत की खबरों के संबंध में पूछे गए सवाल पर पूनिया ने कहा कि भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ने के फैसले पर कायम है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच समय-समय पर मुलाकातें होती रहती हैं, लेकिन इन्हें गठबंधन को लेकर बातचीत नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में सभी स्तरों पर संगठन को मजबूत कर रही है और पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
भाजपा में कथित अनुशासनहीनता और नेताओं में नाराजगी के सवाल पर पूनिया ने कहा कि वह पंजाब में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में सभी नेताओं के लिए बातचीत के दरवाजे खुले हैं। पूनिया ने कहा कि भाजपा पंजाब में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए वर्कशॉप आयोजित की जा रही हैं और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं व नेताओं को तैयार किया जा रहा है।





