पंजाब

अजनाला हिंसा के मामले में अमृतपाल के साथियों के खिलाफ चालान पेश किया

Shreya
29 Jun 2023 10:25 AM GMT
अजनाला हिंसा के मामले में अमृतपाल के साथियों के खिलाफ चालान पेश किया
x

अमृतसर। यहां के अजनाला पुलिस स्टेशन (Ajnala Police Station) पर 23 फरवरी को हुई हिंसा और ‘वारिस पंजाब दे’ (Waris Punjab De) के प्रमुख अमृतपाल सिंह (Amrit Pal Singh), उसके साथियों के द्वारा थाने पर हमला कर अपने साथी को छुड़ा ले जाने के मामले में बुधवार को पुलिस ने कोर्ट में चालान पेश कर दिया है। अजनाला कोर्ट में पेश इस चालान में अमृतपाल सिंह के 20 साथियों के नाम हैं। इस मामले में 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज है।

लगाई हैं ये संगीन धाराएं

चालान गुरपाल सिंह व अन्य के नाम से पेश किया गया है। अमृतपाल सिंह अभी असम के डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। इस कारण उसके खिलाफ अभी चालान पेश नहीं किया गया। जल्द ही उसके खिलाफ कोर्ट में सप्लीमेंट्री चालान पेश किया जाएगा। चालान में पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ IPC की धाराएं 307, 353, 186, 120B और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज करने के लिए कहा गया है। पुलिस की तरफ से ASI रत्न सिंह की शिकायत को आधार बना कर पेश किए गए चालान में मुख्य गवाह के तौर पर SP जुगराज सिंह को भी रखा गया है। जिनके सिर पर 10 से अधिक टांके लगे थे।

यह था हिंसा का पूरा मामला

23 फरवरी को खालिस्तान समर्थक संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ से जुड़े हजारों लोगों ने अमृतसर के अजनाला थाने पर हमला कर दिया था। इनके हाथों में बंदूकें और तलवारें थीं। ये लोग संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह के करीबी लवप्रीत सिंह तूफान की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। इनके हमले के बाद दबाव में आई पंजाब पुलिस ने आरोपी को रिहा करने का ऐलान कर दिया था। पुलिस ने उग्र भीड़ को रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे, लेकिन ये उन्हें तोड़कर अंदर घुस गए। इसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

Next Story