पंजाब

CBI कोर्ट ने पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया को दी राहत, जल्द नजर आ सकते हैं बड़े पद पर

Shantanu Roy
28 Sep 2022 2:25 PM GMT
CBI कोर्ट ने पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया को दी राहत, जल्द नजर आ सकते हैं बड़े पद पर
x
बड़ी खबर
जालंधर। सी.बी.आई. द्वारा 11 साल पुराने भ्रष्टाचार के केस में पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया केवल राजनीति का ही शिकार हुए। सी.बी.आई. की जांच में पूर्व मंत्री कालिया की इस केस में कोई भूमिका सामने नहीं आई और न ही उन्हें केस में नामजद किया गया था। लंबे समय बाद इस केस में फैसला सुनाते हुए सी.बी.आई. की विशेष अदालत ने इस मामले में पंजाब के रजिस्ट्रार, फर्म और सोसायटी विभाग के एक पूर्व अधिकारी को 5 साल की कैद की सजा सुनाई है। उल्लेखनीय है कि इस केस की वजह से मनोरंजन कालिया को स्थानीय निकाय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
यह था मामला
सन 2011 में सी.बी.आई. ने पंजाब के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव राज खुराना को 15 लाख की रिश्वत और 1.35 करोड़ के पोस्ट डेटेड चैक स्वीकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप था कि भ्रष्ट और अवैध तरीकों से दविंदर सिंह ने शिकायतकर्ता मनप्रीत सिंह, महासचिव, पंजाब ऑटोमोबाइल मैकेनिक एसोसिएशन से 1.50 करोड़, 15 लाख नकद और 9 चैक प्रत्येक में 15 लाख की राशि की मांग की और स्वीकार किया। इसका मकसद उद्योग और वाणिज्य मंत्री मनोरंजन कालिया को एसोसिएशन के पदाधिकारियों के खिलाफ दायर शिकायत को बंद करने के लिए प्रेरित करना था। जबकि मनोरंजन कालिया को इस बारे कोई जानकारी नहीं थी।
इसी वजह से कालिया को भुगतना पड़ा राजनीतिक संताप
पंजाब के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया अकाली-भाजपा सरकार के दौरान विधायक दल के नेता के साथ-साथ कैबिनेट मंत्री पद पर भी थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने दोआबा के अलावा माझा-मालवा में भी पार्टी का काफी विस्तार किया और कई नेताओं को विभिन्न पदों पर एडजस्ट किया। मंत्री पद पर रहते हुए वे लोगों के हकों की आवाज उठाते रहे। इसी वजह से वे कई राजनीतिज्ञों की आंखों की चुभन भी बने हुए थे। कालिया के बढ़ते कद को देखते हुए उनके विरोधी खुश नहीं थे। कुछ अंदरूनी और बाहरी लोग उनके खिलाफ साजिशें रचते रहे। यह केस भी एक साजिश का ही नतीजा था। इस कारण 2012 में विधानसभा जीतने के बाद वे मंत्री पद से वंचित रहे हालांकि वे वरिष्ठता के आधार पर मंत्री बनने की कतार में पहले नंबर पर थे।
भाजपा हाईकमान कालिया को दे सकती है उच्च पद
सूत्रों के मुताबिक पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया पर लगे सारे भ्रष्टाचार के आरोप बेबुनियाद साबित हुए हैं। अब उन्हें केंद्र या पंजाब में किसी उच्च पद से भी नवाजा जा सकता है क्योंकि उन्होंने लंबा राजनीतिक संताप झेला है और अपनी सहनशीलता का परिचय देते हुए संगठन को मजबूत करने में दिन-रात एक किया है। इस केस का पटाक्षेप होने के बाद मनोरंजन कालिया का कद एक बार फिर बढ़ा है।
Next Story