पंजाब

2027 के चुनाव के लिए BJP का संगठनात्मक दांव

Ratna Netam
23 Nov 2026 3:21 PM IST
2027 के चुनाव के लिए BJP का संगठनात्मक दांव
x
कई दिग्गज नेताओं को मिली जिम्मेदारी
चंडीगढ़। पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की प्रदेश इकाई ने सोमवार, 23 नवंबर को 16 सदस्यीय राज्य चुनाव समिति का गठन किया। इस समिति की अध्यक्षता पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों करेंगे। समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, सांसदों और पूर्व केंद्रीय मंत्रियों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को गति देना है।
कई वरिष्ठ नेताओं को मिली जगह
पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, राज्य चुनाव समिति में केवल सिंह ढिल्लों के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, विजय सांपला, मनोरंजन कालिया और श्वेत मलिक को शामिल किया गया है।इसके अलावा समिति में संगठन महामंत्री मंत्री श्रीनिवासुलु, पूर्व सांसद परनीत कौर, पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, प्रदेश सचिव मनजीत सिंह मन्ना, पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, पंजाब विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश बाबू और मुकेरियां के विधायक जंगी लाल महाजन को जगह दी गई है।इस तरह समिति में संगठन और चुनावी राजनीति का अनुभव रखने वाले कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।
तीन नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया
भाजपा ने राज्य चुनाव समिति में तीन नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में भी शामिल किया है। इनमें पंजाब भाजपा के प्रभारी और राष्ट्रीय नेता डॉ. सतीश पूनिया, सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा और राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर शामिल हैं।इन नेताओं की मौजूदगी से चुनावी तैयारियों में केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन के बीच समन्वय को मजबूती मिलने की उम्मीद है। समिति में शामिल वरिष्ठ नेताओं को पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों, सामाजिक समीकरणों और संगठनात्मक गतिविधियों का अनुभव है।पार्टी की ओर से जारी सूची पर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के हस्ताक्षर हैं। समिति के गठन को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
117 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। वर्ष 2027 में होने वाले चुनाव में भाजपा सभी सीटों पर अपनी चुनावी रणनीति को मजबूत करने की तैयारी में जुटी है। राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार है, जबकि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा भी चुनावी मुकाबले के लिए अपनी संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ा रहे हैं।भाजपा ने इससे पहले भी चुनाव की तैयारियों के तहत अलग-अलग समितियों का गठन किया था। पार्टी ने 15 नवंबर को चुनावी घोषणा पत्र और चार्जशीट तैयार करने के लिए दो अलग समितियां बनाई थीं।पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना को 13 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति की जिम्मेदारी दी गई थी, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को 14 सदस्यीय चार्जशीट समिति का प्रमुख बनाया गया था। घोषणा पत्र समिति को पार्टी के विजन डॉक्यूमेंट की तैयारी और चार्जशीट समिति को राज्य की मौजूदा सरकार की कथित विफलताओं से जुड़े मुद्दों को संकलित करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार पर रहेगा जोर
राज्य चुनाव समिति के गठन के बाद भाजपा की चुनावी गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। समिति के माध्यम से वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और संगठनात्मक नेटवर्क का इस्तेमाल आगामी चुनावों की तैयारियों में किया जाएगा।पंजाब में भाजपा के सामने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाने की चुनौती है। ऐसे में पार्टी की नई समिति चुनावी मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों और उम्मीदवारों से संबंधित तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।केवल सिंह ढिल्लों ने समिति के गठन को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण बताया है। पार्टी का कहना है कि समिति संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने और पंजाब के लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करने में योगदान देगी।फिलहाल भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपनी चुनावी टीम घोषित कर दी है। अब पार्टी की नजर राज्य में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और चुनावी रणनीति को जमीन पर लागू करने पर रहेगी।
Next Story