पंजाब

Bathinda: बठिंडा में कांग्रेस के मंच पर बवाल, चन्नी समर्थक और वड़िंग समर्थक आमने-सामने

Admindelhi1
4 Aug 2026 9:04 AM IST
Bathinda: बठिंडा में कांग्रेस के मंच पर बवाल, चन्नी समर्थक और वड़िंग समर्थक आमने-सामने
x
कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर आई सामने, बठिंडा में हंगामा

बठिंडा: जिले की गोनियाना मंडी में सोमवार को आयोजित कांग्रेस के ‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ कार्यक्रम के दौरान पार्टी की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मौजूदगी में कुछ कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का बहिष्कार किया और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगाए।

राजा वड़िंग ने जैसे ही अपना संबोधन शुरू किया, मंच के पास बैठे कुछ युवकों ने चन्नी के पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर वड़िंग ने उन्हें नारे जारी रखने को कहा और एक युवक को मंच पर बुला लिया। उन्होंने युवक से सभा के सामने चन्नी को फोन लगाने को कहा, लेकिन कॉल का जवाब नहीं मिला। इसके बाद वड़िंग ने युवक को अपना फोन नंबर देने की बात कही।

वड़िंग ने आरोप लगाया कि नारे लगाने वाले लोग चन्नी का समर्थन करने नहीं, बल्कि कार्यक्रम में व्यवधान डालने आए थे। उन्होंने कहा कि पार्टी से विश्वासघात करने और सौदेबाजी करने वालों को टिकट नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी कांग्रेस के कार्यक्रमों में लोगों को भेजकर माहौल खराब करवाने का आरोप लगाया। कार्यक्रम के बाद भी कुछ कार्यकर्ता आयोजन स्थल के बाहर नारेबाजी करते रहे। पूर्व मंत्री और रामपुरा फूल से विधायक रहे गुरप्रीत कांगड़ कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

Next Story