पंजाब

नहीं थम रही विदेशों में हेरिटेज फर्नीचर की नीलामी, जग्गा ने राज्यसभा के महासचिव से लगाई यह गुहार

Shantanu Roy
10 Oct 2022 2:37 PM GMT
नहीं थम रही विदेशों में हेरिटेज फर्नीचर की नीलामी, जग्गा ने राज्यसभा के महासचिव से लगाई यह गुहार
x
बड़ी खबर
चंडीगढ़। शहर के हेरिटेज फर्नीचर की विदेशों में नीलामी हो रही है, जो तमाम कोशिशों के बावजूद थम नहीं रही है। अब पिछले पांच दिनों में तीन नीलामियों के माध्यम से शहर के हेरिटेज फर्नीचर की नीलामी 3.41 करोड़ में की गई है। इस संबंध में शहर के वकील अजय जग्गा ने राज्यसभा के महासचिव को शिकायत भेजकर कहा है कि प्रशासन को हेरिटेज फर्नीचर की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी नीलामियों को रोकने के प्रयास किए जाने चाहिए और संसद को इस फर्नीचर के संभालने के संबंध में निर्णय लेना चाहिए। जग्गा ने कहा कि 2 अक्तूबर को फ्रांस में 37.70 लाख में चार वस्तुएं जबकि 6 अक्तूबर को फ्रांस में 2.99 करोड़ में 11 वस्तुएं और 4 अक्तूबर को लंदन, यू.के. में एक वस्तु की नीलामी 3.67 लाख रुपए में हुई।
इसमें प्रशासनिक भवन से दो कुर्सियों का एक सेट, एक छोटा डेस्क, डी.ए.वी. कॉलेज चंडीगढ़ की बेंच, पी. यू. भू-विज्ञान विभाग से तीन स्टूल और अन्य हेरिटेज वस्तुएं शामिल हैं। जग्गा ने कहा कि हेरिटेज फर्नीचर का रख-रखाव नहीं होने से करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है। हेरिटेज फर्नीचर की ऐसी सभी नीलामियों को रोकने के अलावा इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि यह हेरिटेज फर्नीचर देश से बाहर कैसे पहुंच रहा है? फर्नीचर की स्मगलिंग में जो भी शामिल है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके अलावा इसकी चोरी रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास किए जाएं। उन्होंने इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र के सामने उठाने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि इन वस्तुओं को देश से बाहर भेजने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दस्तावेजों की जांच होनी चाहिए।
Next Story