पंजाब

पंचकूला में नशे के खिलाफ विधानसभाध्यक्ष गुप्ता ने संतों के साथ फूंका बिगुल

mukeshwari
9 Jun 2023 5:03 PM GMT
पंचकूला में नशे के खिलाफ विधानसभाध्यक्ष गुप्ता ने संतों के साथ फूंका बिगुल
x

पंचकूला। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की ओर से पंचकूला को नशामुक्त बनाने की मुहिम को शुक्रवार को संतों का भी साथ मिला। इस सिलसिले में शहर के ख्यातिप्राप्त संत संपूर्णानन्द ब्रह्मचारी ने सेक्टर 1 स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में एक संगोष्ठी का आयोजन किया। इसमें हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने नशा उन्मूलन का संकल्प लिया है। संगोष्ठी का विषय हमारा एक ही सरोकार, नशा हो जीवन से बाहर रहा।

इस अवसर पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहाकि नशा ऐसी बीमारी है, जिससे किसी भी व्यक्ति का जीवन समय से पहले खत्म हो जाता है। यह कोई राजनीतिक मुद्दा न होकर सामाजिक समस्या है। इसके लिए सरकार की सख्ती और समाज का संकल्प जरूरी है। साधु-संतों के प्रयास इसके लिए विशेष रूप से प्रभावी रहेंगे। विश्व परमार्थ फाउंडेशन की यह पहल सराहनीय है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें अधिक से अधिक समय दें। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

विश्व परमार्थ फाउंडेशन के संस्थापक संत संपूर्णानन्द ब्रह्मचारी ने कहाकि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए वर्तमान को संभालना जरूरी है। युवाओं को अध्यात्म से जोड़ कर उन्हें आसानी से नशा से दूर रखा जा सकता है। उन्होंने पद का अहंकार भी एक प्रकार का नशा है। हमें इस प्रकार के मानसिक विकारों से भी बचना होगा। उन्होंने कहा कि देशभक्ति का नशा ही सर्वश्रेष्ठ नाश है।

संगोष्ठी में विधानसभाध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि पंचकूला को विश्व स्तर पहचान दिलाने के लिए 7 सरोकारों की जो मुहिम शुरू की है। उनमें नशाखोरी की जड़ें उखाड़ना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस सिलसिले में कई मोर्चों पर लड़ाई लड़ी जा रही है। नशा करने वालों और इसके कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरण कर आम नागरिकों को इस मुहिम में जोड़ा जा रहा है। कोई भी व्यक्ति 7087081100 नंबर पर व्हाट्सअप से नशाखोरों या इसका धंधा करने वाले लोगों के बारे में पुलिस को जानकारी दे सकता है।

उन्होंने कहा कि कठोर कार्रवाई के तहत पंचकूला में इस वर्ष 1 जनवरी से लेकर अब तक करीब सवा 5 माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत 62 पर्चे दर्ज हुए हैं। इन मामलों में 109 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन अरोपियों में से 32 लोग 29-एनडीपीएस एक्ट के तहत नामजद हुए हैं। ये अफीम, भुक्की और हेरोइन की तस्करी में संलिप्त पाए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने मोरनी और कालका में अफीम के पौधे लगाने वाले 2 आरोपियों के खिलाफ भी पर्चे दर्ज किए गए हैं। परंपरागत नशों के साथ-साथ हुक्काबार भी अब ज्वलंत समस्या बन रहे हैं।

नशा मुक्ति के लिए चलाए जा रहे जनजागरण अभियान में समाज सेवी संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों को सम्मिलित किया गया है। इसके तहत रंगोली, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग इत्यादि प्रतियोगिता करवाई जा रही हैं। नशा के खात्मे के लिए खेल प्रभावी और सकारात्मक हथियार है। इसलिए केंद्र और प्रदेश सरकारों ने खेलों के प्रोत्साहन के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए हैं।

उन्होंने पंचकूला की स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी की ओर से 11 से 18 जून तक होने वाले योनेक्स सनराइज द्वितीय अश्वनी गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट -2023 का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नाट्य मंच के कलाकारों की मदद ली जा रही है।

कुमार स्वामी ने कहा कि नशा देश और उसकी युवा पीढ़ी को खत्म करने का सबसे आसान जरिया है। नशा करना अपने धर्म और संस्कृति का अपमान है। सभी धर्मों में इसे वर्जित माना गया है। संघ के प्रचारक प्रेमजी गोयल के कहा कि नशे जैसी समस्या का उन्नमूलन सिर्फ इसके बारे में व्याख्यान सुनने और पढ़ने से नहीं बल्कि जीवन में श्रेष्ठ आदतों को अपनाने से होगा। युवाओं को पश्चिमिकरण के नशे से भी बचाना होगा।

इस अवसर पर इस अवसर पर जिला उपायुक्त डाॅ प्रिंयंका सोनी, पुलिस उपायुक्त सुमेर पाल सिंह, पब्लिसिटी एडवााइजर सीएम तरूण भंडारी, आईजी आईटीबीपी ईश्वर सिंह दूहन, गुजरात से भेलू भाई, कुलदीपा नन्द, बाबा दीप सिंह समेत बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story