पंजाब

अमृतसर में हथियार-हेरोइन तस्करी का खुलासा, तीन तस्कर दबोचे

Admindelhi1
20 Oct 2026 10:53 AM IST
अमृतसर में हथियार-हेरोइन तस्करी का खुलासा, तीन तस्कर दबोचे
x
अमृतसर में तस्करों पर शिकंजा, 10 पिस्तौल और हेरोइन की खेप बरामद

चंडीगढ़: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क के तीन सदस्यों को 10 पिस्तौलों और 1.022 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार करके इस गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डी.जी.पी.) गौरव यादव ने साेमवार काे बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गौतम उर्फ अजय (28), रवि शेर सिंह (22) और राजबीर सिंह उर्फ राजा (24) के रूप में हुई है। बरामद किए गए हथियारों में तीन 9 एम.एम. ग्लॉक पिस्तौल और सात .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस टीमों ने तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। डीजीपी यादव ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने और आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए और जांच की जा रही है।

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीमों ने खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना कैंट क्षेत्र से गौतम उर्फ अजय और रवि शेर सिंह को दो ग्लॉक पिस्तौलों और एक मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि कड़ी पूछताछ करने पर आरोपी गौतम के खुलासे पर पुलिस ने सात और पिस्तौल बरामद किए।

उन्होंने बताया कि आगे की तफ्तीश के दौरान पुलिस टीमों ने उनके तीसरे साथी राजबीर सिंह उर्फ राजा को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक और .30 बोर पिस्तौल और 1.022 किलो हेरोइन बरामद की गई, जिसके साथ अब तक कुल दस पिस्तौलों की बरामदगी की गई है। सीपी ने बताया कि गौतम और राजबीर दोनों का ही आपराधिक पृष्ठभूमि है। गौतम के खिलाफ पहले ही आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं, जबकि राजबीर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले चल रहे हैं।

Next Story