पंजाब

नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या

Admindelhi1
13 Oct 2026 5:03 PM IST
नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या
x
नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले एक्टिविस्ट की गोली मारकर हत्या

मानसा: नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह उर्फ झोटा की मंगलवार को मानसा शहर में एक मेडिकल स्टोर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान उनके चार साथी भी घायल हुए। सभी को सिविल अस्पताल मानसा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने झोटा को मृत घोषित कर दिया। झोटा की हत्या के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक सिविल अस्पताल पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

पुलिस के अनुसार झोटा एक व्यक्ति को कथित तौर पर नशीली दवाएं बेचने के मामले में मेडिकल स्टोर संचालक से सवाल कर रहे थे। इस दौरान वह बातचीत को अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड कर रहे थे और करीब 5 मिनट 48 सेकंड का वीडियो उनके फेसबुक पेज पर लाइव प्रसारित हुआ। वीडियो में झोटा को यह कहते सुना जा सकता है कि दुकान संचालक ने पिस्तौल निकाल ली है। इसके कुछ ही देर बाद गोलीबारी हो गई।

मानसा सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. गुरमेल सिंह के अनुसार झोटा को तीन गोलियां लगीं दो पेट में और एक जांघ में। एक गोली लिवर को पार कर गई, जिससे उनकी मौत हो गई। चार अन्य घायलों को अपेक्षाकृत हल्की चोटें बताई गई हैं।

झोटा की हत्या के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक सिविल अस्पताल पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मृतक के पिता ने न्याय मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही। बाद में समर्थकों ने मानसा के बड़ा हट्टा चौक पर धरना शुरू कर दिया।

इस हत्याकांड के बाद जुलाई, 2023 का एक पुराना विवाद भी फिर चर्चा में आ गया है। आरोप है कि उस समय झोटा और उनके समर्थकों ने अश्वनी कुमार नामक मेडिकल स्टोर संचालक को कथित रूप से प्रतिबंधित दवाएं बेचने के आरोप में पकड़ा था। एक पुराने वीडियो में उसे जूतों की माला पहनाकर बाजार में घुमाते हुए दिखाया गया था। बाद में उसे पुलिस थाने ले जाकर शिकायत दी गई थी।

झोटा की शिकायत पर अश्वनी कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जबकि घटना के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कथित तौर पर कानून हाथ में लेने के आरोप में झोटा के खिलाफ भी केस दर्ज किया था। अब इसी अश्वनी कुमार पर झोटा की हत्या का आरोप लगाया गया है। हालांकि उसकी भूमिका और घटनाक्रम की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच रही है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी था या अवैध।

Next Story