पंजाब

Amritsar मजीठा से पपलप्रीत सिंह होंगे उम्मीदवार

Kiran
22 Aug 2026 10:39 AM IST
Amritsar मजीठा से पपलप्रीत सिंह होंगे उम्मीदवार
x

Amritsar अमृतसर 'वारिस पंजाब दे' संगठन ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए मजीठा विधानसभा क्षेत्र से अपने उम्मीदवार के तौर पर खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह के करीबी सहयोगी और लंबे समय से उनके साथ काम कर रहे पापलप्रीत सिंह के नाम की घोषणा की है। यह घोषणा शुक्रवार को मजीठा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने की।

अजनाला पुलिस स्टेशन की घटना के बाद पापलप्रीत सिंह, अमृतपाल सिंह के साथ ही फरार हो गए थे। बाद में उन्हें अमृतपाल के साथ असम की डिब्रूगढ़ जेल में नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (NSA) के तहत 10 अप्रैल 2025 तक हिरासत में रखा गया था। NSA के तहत हिरासत खत्म होने के बाद उन्हें पंजाब स्थानांतरित कर दिया गया।

'वारिस पंजाब दे' संगठन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान अप्रैल 2023 में अमृतसर के कथूनंगल इलाके से पापलप्रीत को गिरफ्तार किया गया था। माना जाता है कि उन्होंने अमृतपाल सिंह के लिए एक प्रमुख सलाहकार की भूमिका निभाई थी। एक सिख कार्यकर्ता के तौर पर, पापलप्रीत ने खालिस्तान आंदोलन का समर्थन किया है और फ्रीलांस पत्रकार के रूप में भी काम किया है। 2015 में, 'सरबत खालसा' में दिए गए एक भाषण के बाद उन्हें देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मजीठा इलाके के मरारी गांव के रहने वाले पापलप्रीत इस क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने अपने गांव को नशा मुक्त घोषित कराने के लिए भी अभियान चलाया था और वे इस इलाके में खेलों को बढ़ावा देने और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान चलाने के लिए जाने जाते हैं।

Next Story