पंजाब

Amritsar: अमृतसर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 पिस्तौल-103 कारतूस के साथ 2 गिरफ्तार

Admindelhi1
4 Sept 2026 10:18 AM IST
Amritsar: अमृतसर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 पिस्तौल-103 कारतूस के साथ 2 गिरफ्तार
x

अमृतसर: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार करके .30 बोर की आठ अवैध पिस्तौलें और 103 जिंदा कारतूस बरामद करके अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि तरन तारन के गांव बैंका निवासी रणजीत सिंह उर्फ जीता (24) और तरन तारन के गांव तारा सिंह निवासी गुरबीर सिंह उर्फ गोरा (32) को गिरफ्तार किया गया है। रणजीत उर्फ जीता आपराधिक पृष्ठभूमि वाला है और उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुरुद्वारा बोहड़ी साहिब रोड के पास नाका लगाया और रणजीत सिंह उर्फ जीता को एक .30 बोर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूसों समेत गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आगे की जांच के दौरान, उसके कब्जे से चार अन्य .30 बोर पिस्तौलें और 100 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

सीपी ने बताया कि रणजीत उर्फ जीता से की गई पूछताछ के दौरान उसके साथी गुरबीर उर्फ गोरा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन .30 बोर पिस्तौलें बरामद कीं। जांच के दौरान पता चला है कि गुरबीर उर्फ गोरा लगभग छह महीने पहले दुबई से वापस आया था। इस संबंध में पुलिस स्टेशन इस्लामाबाद में एफआईआर दर्ज की गई है।

Next Story