पंजाब

Amritsar: नाबालिग समेत पांच पकड़े गए, अमृतसर में नौ पिस्तौल और 6 किलो हेरोइन बरामद

Admindelhi1
25 Aug 2026 3:15 PM IST
Amritsar: नाबालिग समेत पांच पकड़े गए, अमृतसर में नौ पिस्तौल और 6 किलो हेरोइन बरामद
x
नौ पिस्तौल और भारी मात्रा में हेरोइन बरामद, अमृतसर में पांच गिरफ्तार

अमृतसर: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक नाबालिग सहित पांच व्यक्तियों को 9 गैर-कानूनी पिस्तौलों और 6.311 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर गैर-कानूनी हथियारों तथा नशा तस्करी के तीन नेटवर्कों को ध्वस्त कर दिया है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अरमानदीप सिंह (20) और तीरथ सिंह (20), दोनों निवासी गांव शेखमंगा, सुल्तानपुर लोधी, कपूरथला, शमशेर सिंह उर्फ शेरा (21), निवासी गांव हेतमपुरा, अमृतसर (देहात), कमलेश रानी (65), निवासी इंदिरा कॉलोनी, अमृतसर और एक नाबालिग के रूप में हुई है।

बरामद किए गए पिस्तौलों में तीन .30 बोर जिगाना और एक 9 एमएम जिगाना (तुर्की निर्मित), तीन .30 बोर (चीन निर्मित) पिस्तौल, एक 9 एमएम ग्लॉक (ऑस्ट्रिया निर्मित) तथा एक 9 एमएम बेरेटा (इटली निर्मित) शामिल हैं। नशीले पदार्थ और पिस्तौल बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उनके तीन मोटरसाइकिल भी जब्त किए हैं।

पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने कहा कि विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अरमानदीप सिंह और तीरथ सिंह को गिरफ्तार किया तथा जांच के दौरान उनके कब्जे से छह गैर-कानूनी पिस्तौल बरामद किए गए। दूसरी कार्रवाई में पुलिस टीमों ने 6.090 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी के संबंध में एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच के दौरान एक अन्य आरोपी कमलेश रानी को 211 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि जांच से पता चला है कि दोनों आरोपी कथित तौर पर नाबालिग के चचेरे भाई के निर्देशों पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कमलेश रानी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है। सीपी हरमनबीर गिल ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने शमशेर उर्फ शेरा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन गैर-कानूनी पिस्तौल बरामद किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

Next Story