पंजाब

Amritsar: वीडियोग्राफी के लिए उड़ाया ड्रोन, अमृतसर एयरपोर्ट पर मची अफरा-तफरी

Admindelhi1
7 Sept 2026 5:45 PM IST
Amritsar: वीडियोग्राफी के लिए उड़ाया ड्रोन, अमृतसर एयरपोर्ट पर मची अफरा-तफरी
x
टूर्नामेंट की वीडियोग्राफी के लिए ड्रोन उड़ाना पड़ा भारी, उड़ानें प्रभावित

अमृतसर: अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास पर रविवार रात दिखाई दिए ड्रोन से हड़कंप मच गया। प्रतिबंधित क्षेत्र के करीब ड्रोन पहुंचने से एयरपोर्ट पर सात उड़ानों की लैंडिंग प्रभावित हुई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर स्थित एक गांव में आयोजित खेल टूर्नामेंट की वीडियोग्राफी के लिए ड्रोन उड़ाया गया था।रविवार रात करीब 10 बजे एयरपोर्ट के ऑपरेशनल एरिया में ड्रोन जैसे उड़ते ऑब्जेक्ट दिखाई देने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सुरक्षा अलर्ट जारी किया था। एहतियात के तौर पर अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को उतरने की अनुमति नहीं दी गई और कई विमानों के रूट बदलने पड़े। भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने घटना को गंभीरता से लिया।

थाना राजासांसी के एसएचओ गुरप्रीत सिंह के अनुसार ड्यूटी अधिकारी एएसआई निरंजन सिंह ने एयरपोर्ट के बाहरी क्षेत्र में पहुंचकर जांच की। जांच में पता चला कि नजदीकी गांव में चल रहे खेल टूर्नामेंट की वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए एक व्यक्ति ने ड्रोन उड़ाया था।

एसएचओ ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से एयरपोर्ट के करीब आठ किलोमीटर के दायरे में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद ड्रोन कैसे उड़ाया गया और क्या आवश्यक अनुमति ली गई थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

घटना के बाद सीआईएसएफ, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई थीं। पुलिस की प्रारंभिक जांच से संदिग्ध गतिविधि की आशंका दूर हुई है, लेकिन विमानन सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।

Next Story