पंजाब

चंडीगढ़ में अकाली दल की चुनावी तैयारी तेज, कांग्रेस के 6 सदस्य पार्टी में शामिल

Admindelhi1
24 Nov 2026 2:55 PM IST
चंडीगढ़ में अकाली दल की चुनावी तैयारी तेज, कांग्रेस के 6 सदस्य पार्टी में शामिल
x
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर अकाली दल सक्रिय, बूथ स्तर पर तैयारी

चंडीगढ़: आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी सचिव एवं चंडीगढ़ ऑब्जर्वर डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने सोमवार को चंडीगढ़ इकाई के नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और वार्ड स्तर की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक के दौरान कांग्रेस से जुड़े छह सदस्य जगतार सिंह, परविंदर सिंह, अवतार सिंह, पवन कुमार गोयल, इशपिंदर सिंह बत्रा और मनमोहन कौर शिरोमणि अकाली दल में शामिल हुए। डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने सभी नए सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया।

चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष चरणजीत सिंह विली ने कहा कि नगर निगम चुनाव से पहले पार्टी का संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत वार्ड और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी, ताकि चुनावी तैयारियों में बेहतर समन्वय बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि पार्टी सभी वार्डों में संगठन का विस्तार करने और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की दिशा में काम करेगी।

बैठक में बीबी हरजिंदर कौर, अर्शदीप सिंह कलेर, हरजीत भुल्लर, बीबी सतवंत कौर जोहल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story