Chandigarh चंडीगढ़: नंगल डैम पर भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के ख़िलाफ़ आम आदमी पार्टी (AAP) का धरना जारी है। पार्टी नेताओं ने ज़मीन विवादों को लेकर मुख्यमंत्री मान से मुलाक़ात की। गुरु रविदास आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के चेयरमैन संजीव गौतम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने यह मुद्दा उठाया।
गौतम ने बताया कि 1960 के दशक में भाखड़ा डैम के कारण विस्थापित हुए लोगों और व्यापारियों को BBMB द्वारा नंगल में प्लॉट और दुकानें पट्टे पर दी गई थीं। 60 साल से अधिक समय से रह रहे इन लोगों पर आज मामूली निर्माण परिवर्तन को आधार बनाकर बेदखली के मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों की मांग है कि पट्टाधारकों को ज़मीन का मालिकाना हक़ या पट्टों का नवीनीकरण व्यावसायिक दरों पर किया जाए, लेकिन अभी तक इस पर कोई नीति नहीं बनी है। साथ ही, BBMB के पावर कनेक्शन होने के कारण निवासी पंजाब सरकार की 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे।





