पंजाब

गुजरात के कपल का आटो में छूटा गहनों वाला बैग, चंडीगढ़ पुलिस टीम ने 24 घंटे में ढूंढ निकाला

Kunti Dhruw
21 Jun 2022 7:54 AM GMT
गुजरात के कपल का आटो में छूटा गहनों वाला बैग, चंडीगढ़ पुलिस टीम ने 24 घंटे में ढूंढ निकाला
x
'वी केयर फार यू' यह चंडीगढ़ पुलिस का स्लोगन है।

चंडीगढ़। 'वी केयर फार यू' यह चंडीगढ़ पुलिस का स्लोगन है। पुलिस टीम ने अपने इस स्लोगन को सही साबित कर दिखाया है। पुलिस के इस काम से विभाग की वाहवाही हो रही है। दरअसल चंडीगढ़ पुलिस ने गुजरात के एक कपल का बैग जोकि एक आटो में ही छूट गया था उसे 24 घंटे के भीतर ढूंढ निकला। बैग में गहने थे, जो कि सही सलामत कपल को सौंप दिए गए। इसके बाद दंपती ने चंडीगढ़ पुलिस की सराहना की और आभार भी व्यक्त किया है।

बता दें कि गुजरात के रहने वाले बली पटेल अपनी पत्नी सूरत के साथ 10 जून को हिमाचल प्रदेश के मनाली और शिमला घूमने के लिए आए थे। पहाड़ों में घूमने के बाद यह कपल वापस गुजरात जाने के लिए चंडीगढ़ पहुंचा था। 16 जून को यह कपल चंडीगढ़ पहुंचा और एक दिन चंडीगढ़ में घूमने के बाद 18 जून को इनकी चंडीगढ़ से ट्रेन थी। दोनों पति पत्नी कजहेड़ी के एक होटल में रुके थे। 18 जून को सुबह आटो से चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकलने तो उनके पास ज्यादा सामान होने की वजह से उन्हें अलग-अलग दो आटो करने पड़े। दंपती दोनों आटो के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचा और आटो से सामान उतारकर ट्रेन पकड़ने के लिए प्लेटफार्म की तरफ बढ़ने लगे। लेकिन वह एक आटो से अपना एक बैग उतारना भूल गए। बैग में सामान के साथ सोने की ज्वेलरी थी, जिसकी कीमत साढ़े 5 लाख रुपये थी।

अभी ट्रेन छुटने में टाइम था, लेकिन जैसे ही कपल ने अपने बैग की गिनती की तो उन्हें याद आया कि एक बैग वह आटो में ही भूल गए हैं, लेकिन तब तक आटो चालक वहां से निकल गया था। इस पर उनकी टेंशन बढ़ गई और उन्होंने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद मामले की सूचना मिलते ही एएसपी साउथ/वेस्ट मृदुल के सुपरविजन में एक पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने आटो चालक को ढूंढने के लिए कमर कस ली और आखिरकार करीब 24 घंटे की कड़ी मेहनत रंग लाई और पुलिस टीम ने उस आटो को ढूंढ निकाला, जिसमें दंपती का गहनों वाला बैग था।

आटो को ढूंढने के लिए बनाई गई टीम में सेक्टर-61 पुलिस चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर नवीन कुमार को बैग को सही सलामत खोजने की जिम्मेदारी मिली थी। एसआइ नवीन कुमार व उनकी टीम ने शहर में लगे हाईटेक सीसीटीवी कैमरों की मदद से हर हिस्से को खंगाला। लगभग 24 घंटे में पुलिस टीम ने आटो का नंबर पता कर आटो चालक के घर जाकर बैग को आटो से रिकवर किया। एसआइ नवीन कुमार ने बताया कि आटो चालक का एड्रेस पंचकूला के चंडीमंदिर का निकला और पुलिस ने आटो चालक के पत्ते पर पहुंचकर घर पर खड़े आटो से बैग को अपने कब्जे में लिया। उन्होंने बताया कि बैग आटो की डिग्गी में रखा था और चालक को बैग के बारे में जानकारी ही नहीं थी।

पुलिस विभाग की हो रही सराहना

इसके बाद आटो चालक तक टीम पहुंची और कपल के बैग को हासिल कर सही सलामत गुजरात के कपल को सौंप दिया। कपल अब चंडीगढ़ से खुशी-खुशी लौट गया है। बता दें कि इससे पहले भी चंडीगढ़ पुलिस ऐसे सफलता पूर्वक कार्यों को अंजाम दे चुकी है। वहीं इस घटना के बाद से पुलिस की खूब सराहना हो रही है।


Next Story