पंजाब
पंजाब में पराली जलाने के 7,159 मामले दर्ज, करीब ढाई हजार किसानों पर लगा जुर्माना, 265 मामलों में एफआईआर
jantaserishta.com
26 Nov 2026 11:19 AM IST

x
पटियाला: पंजाब में धान की कटाई के बाद पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) की ओर से की गई कार्रवाई के बावजूद खेतों में आग लगाने के मामले सामने आए हैं। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से 25 नवंबर तक जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में पराली जलाने की कुल 7,159 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें से 6,924 स्थानों का फील्ड निरीक्षण किया गया, जबकि 2,780 स्थानों पर फसल अवशेष जलाने की पुष्टि हुई।
आंकड़ों के अनुसार, पराली जलाने के मामलों में 2,484 किसानों पर पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है। इन पर कुल 1 करोड़ 24 लाख 95 हजार रुपए का मुआवजा निर्धारित किया गया, जबकि 45 लाख 20 हजार रुपए की वसूली की जा चुकी है। इसके अलावा 2,188 मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 223 के तहत एफआईआर दर्ज की गई हैं। किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में 2,295 रेड एंट्री भी की गई हैं।
पटियाला जिले की बात करें तो यहां पराली जलाने की 445 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें से 441 स्थानों का निरीक्षण किया गया और 267 स्थानों पर फसल अवशेष जलाने की पुष्टि हुई। जिले में 234 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया। इसके तहत कुल 11 लाख 65 हजार रुपए का जुर्माना निर्धारित किया गया, जिसमें से 5 लाख 10 हजार रुपए की वसूली की गई है।
वहीं, पटियाला जिले में पराली जलाने के मामलों में 265 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 214 किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है। जिले में 689 चेतावनी नोटिस भी जारी किए गए हैं। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो फिरोजपुर में सबसे अधिक 918 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके बाद संगरूर में 810, तरनतारन में 711, बठिंडा में 650 और मोगा में 417 मामले सामने आए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य में कुल 32.87096 लाख हेक्टेयर धान क्षेत्र में से 99.84 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी थी। वहीं, राज्य स्तर पर कार्रवाई के तहत 41 मामलों में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, रिपोर्ट में चालान जारी करने और अधिकारियों के निलंबन का आंकड़ा शून्य दर्ज किया गया है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





