पंजाब

पंजाब में अब तक पराली जलाने के 5002 मामले आए सामने, 1575 किसानों पर 79.75 लाख रुपये का जुर्माना

jantaserishta.com
11 Nov 2026 9:20 AM IST
पंजाब में अब तक पराली जलाने के 5002 मामले आए सामने, 1575 किसानों पर 79.75 लाख रुपये का जुर्माना
x
पटियाला: पंजाब में धान की कटाई के सीजन के दौरान पराली जलाने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) की 10 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में अब तक पराली जलाने की कुल 5,002 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें से 4,185 मामलों में खेतों का निरीक्षण किया गया, जबकि 1,833 स्थानों पर फसल अवशेष जलाए जाने की भौतिक रूप से पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, पराली जलाने के मामलों में पर्यावरणीय मुआवजे (ईसी) के तहत 1,574 मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 79.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसमें से 36.40 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। वहीं, पराली जलाने के 1,155 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है और 1,342 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है।
तरनतारन जिला 676 मामलों के साथ सबसे आगे है। यहां 654 खेतों का निरीक्षण किया गया और 310 स्थानों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद फिरोजपुर में 654, संगरूर में 566, बठिंडा में 439 और पटियाला में 339 मामले दर्ज किए गए हैं।
पटियाला जिले में अब तक पराली जलाने की 339 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें से 260 खेतों का निरीक्षण किया गया और 166 स्थानों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई। जिले में 115 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है। इसके तहत 5.80 लाख रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया, जिसमें से 2.40 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है। इसके अलावा, जिले में 123 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि 97 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है। अधिकारियों की ओर से 225 चेतावनी नोटिस भी जारी किए गए हैं।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि पराली जलाने के मामलों में लापरवाही को लेकर 18 सुपरवाइजरी अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई की गई है। इनमें फिरोजपुर के पांच और तरनतारन के 13 अधिकारी शामिल हैं। हालांकि, अभी तक किसी अधिकारी को चार्जशीट जारी नहीं की गई और न ही किसी को निलंबित किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में धान का कुल रकबा 32.87 लाख हेक्टेयर है और इसमें से 96.10 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी है। ऐसे में कटाई का सीजन अंतिम चरण में पहुंचने के बावजूद पराली जलाने की घटनाएं प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के लिए चुनौती बनी हुई हैं।
TagsPunjab
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story