पंजाब

नशीले पाऊडर और टीकों के साथ 2 लोगों को किया गिरफ्तार

Admin4
3 April 2023 7:48 AM GMT
नशीले पाऊडर और टीकों के साथ 2 लोगों को किया गिरफ्तार
x
टांडा। टांडा पुलिस ने हरसीपिंड मोड़ के पास नशीले पाऊडर और टीकों के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान अहम खुलासा हुआ है कि इन आरोपियों ने टांडा, दसूहा व मुकेरियां क्षेत्र में लूट की 12 वारदातों को अंजाम दिया था। इस संबंध में डी.एस.पी. कुलवंत सिंह व थानाध्यक्ष टांडा एस.आई. मलकीयत सिंह ने कहा कि जिला पुलिस प्रमुख सरताज सिंह चाहल के दिशा-निर्देशों के तहत नशा व असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एस.आई. परविंद्र सिंह की टीम ने यह सफलता हासिल की है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह उर्फ ​​ज्योति पुत्र अमर सिंह निवासी तलवंडी भिंडर (घुम्माण) गुरदासपुर और रजवंत सिंह राजू पुत्र हीरा सिंह निवासी बीला बज्जू के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने हरसीपिंड रोड पर नाकाबंदी की थी तभी आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए। पुलिस टीम को देखकर पीछे मुड़ने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल सहित खेत की बाड़ में फंस गए और सड़क पर नीचे गिर गए। पुलिस टीम ने नशीले पदार्थ के साथ इन्हें गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी सुखदेव के पास से 510 ग्राम नशीला पाऊडर व 11 प्रतिबंधित इंजैक्शन बरामद किए गए तथा रजवंत के कब्जे से 507 ग्राम नशीला पाऊडर व 11 नशीला इंजैक्शन व एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की तो इन्होंने खुलासा किया कि जिले में अलग-अलग जगहों पर लोगों को पिस्टल दिखाकर लूटपाट की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इन आरोपियों ने इन फिलहाल इन वारदातों को कबूला है। इन आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लेकर इनसे आगे पूछताछ की जाएगी। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन आरोपियों की ड्रग सप्लाई लाइन क्या थी और वे लूट का समान किसे बेचते थे।
Next Story