पुलिस ने इंटरनेशनल फाइनेंस कंपनी के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाकर ठगी के मामले का किया पर्दाफाश
नई दिल्ली : बाहरी जिले के साइबर पुलिस ने एक इंटरनेशनल फाइनेंस कंपनी के नाम पर फर्जी कॉल सेंटर चलाकर ठगी के मामले का पर्दाफाश किया है. इस मामले में लेडी किंगपिन को गिरफ्तार किया है. इनके दो सहयोगियों को पूछताछ के लिए नोटिस देकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है
डीसीपी समीर शर्मा ने बताया की इस फर्जी कॉल सेंटर के कर्मचारी लोगों को धोखा देने के लिए बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के ऑफिसर के रूप में खुद को प्रोजेक्ट करते थे. तीन आरोपियों में से प्रमुख रूप से मनीषा अहिरवाल के साथ कल्पना और रीमा शामिल हैं. मनीषा संत नगर, बुराड़ी, दिल्ली की रहने वाली हैं. वहीं कल्पना, मंडी पहाड़ी, दक्षिणी दिल्ली और रीमा छतरपुर की रहने वाली है. पुलिस ने तीन मोबाइल और चार सिम कार्ड की बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार 31 मई को मुंडका निवासी एक सख्स ने चिटिंग की शिकायत दर्ज कराई थी. जिसपर बाहरी जिले के साइबर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था. पीड़ित ने आरोप लगाया कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया और उन्होंने बजाज फिनसर्व से एक कार्यकारी के रूप में खुद को प्रोजेक्ट किया और उनके लिए क्रेडिट कार्ड जारी करने के संबंध में फोन किया.
इसके लिए उसने बजाज फाइनेंस की एक फर्जी वेबसाइट www.bfldigitalcares.online का लिंक भेजा और उसे अपने विवरण की पुष्टि करने के लिए ऑनलाइन एक रुपये का भुगतान करने के लिए कहा. लेकिन एक रुपये की जगह उनके खाते ( क्रेडिट कार्ड ) से 24,745 रुपये डेबिट हो गए. इस संबंध में उपरोक्त मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.





