ओडिशा

दुदुमा जलप्रपात पर यूट्यूबर सागर तुडू लापता, वीडियो शूटिंग के दौरान तेज बहाव में बहा

SHIDDHANT
24 Aug 2025 9:54 PM IST
दुदुमा जलप्रपात पर यूट्यूबर सागर तुडू लापता, वीडियो शूटिंग के दौरान तेज बहाव में बहा
x

ODISHA ओडिशा के कोरापुट जिले में दुदुमा जलप्रपात पर एक 22 वर्षीय यूट्यूबर सागर तुडू लापता हो गया। वह जलप्रपात के पास वीडियो शूटिंग कर रहा था कि अचानक पानी का तेज बहाव उसे बहा ले गया। रिपोर्ट के अनुसार, सागर बरहामपुर का रहने वाला था, हालांकि उसके यूट्यूब चैनल के कवर इमेज पर नाम सागर कुंडू लिखा गया है। सूत्रों के मुताबिक, सागर ड्रोन कैमरे से शॉट्स रिकॉर्ड करने की कोशिश कर रहा था, तभी पानी का स्तर बढ़ गया और वह जलप्रपात के पास चट्टानों पर फंस गया। घटना का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वहां मौजूद लोग रस्सियों की मदद से उसे बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह अपने पैरों पर खड़ा नहीं रह सका।

सागर के साथ उसके दोस्त अभिजीत बेहरा भी मौजूद थे, जो अलग-अलग पर्यटक स्थलों के वीडियो अपने यूट्यूब चैनल के लिए रिकॉर्ड कर रहा था। अभिजीत ने बताया कि वह यूट्यूब वीडियो के लिए शॉट्स ले रहा था और उसी समय सागर तेज बहाव में बह गया। स्थानीय अधिकारियों ने घटना की सूचना मिलने के बाद सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। बचाव दल ने जलप्रपात और आसपास के क्षेत्रों में खतरनाक स्थानों पर तलाशी शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीण और पर्यटक भी खोज में मदद कर रहे हैं। सागर की लापता होने की खबर मिलने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने लोगों में चिंता और डर पैदा कर दिया है। जलप्रपात की तीव्र धारा और आसपास की चट्टानों की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की है कि वे जलप्रपात के पास किसी भी तरह की खतरनाक गतिविधि से बचें और वीडियो शूटिंग के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें।

Next Story