ओडिशा

चौथी मंजिल से गिर कर मजदूर की मौत

Gulabi
12 Jan 2022 11:48 AM GMT
चौथी मंजिल से गिर कर मजदूर की मौत
x
छेंड थाना की पुलिस एक मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है
राउरकेला : छेंड़ के बागबुड़ी बस्ती और बैंक कालोनी के पास निर्माणाधीन प्लूटो प्लाजा मॉल में मंगलवार को बारिश के बीच काम कर रहे मजदूरों में से एक मजदूर की चौथी मंजिल से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। जबकि अन्य एक मजदूर मलबे की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। छेंड थाना की पुलिस एक मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
छेंड थाना अंतर्गत छेंड़ के बागबुड़ी बस्ती के समीप प्लूटो प्लाजा मॉल का निर्माण कार्य चल रहा है। मंगलवार को लिफ्ट से निर्माण सामग्री ऊपर चढ़ाने के दौरान लिफ्ट टूटने से टिबर कालोनी निवासी शंभू चौधरी (30) नामक श्रमिक को गंभीर चोट लगी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, ऊपर गिरे मलबे के कारण गोपोबंधुपाली निवासी मजदूर प्रताप महांती (35) को भी गंभीर चोट आई है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे मृतक व घायल के परिजनों ने बताया कि निर्माण कार्य करा रही ठेका संस्था के मालिक घटनास्थल से फरार हो गए है। मुआवजा को लेकर मृतक व घायल के परिजन की ओर से छेंड़ थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। हालांकि देर शाम तक मुआवजा को लेकर कोई रास्ता नहीं निकल पाया था। मृतक के परिवार में पत्नी चुन्नी देवी, पांच व तीन साल की दो पुत्री तथा डेढ़ साल का एक बेटा है।
सुरक्षा के नहीं थे पुख्ता प्रबंध
यहां पर कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता प्रबंध नहीं किए गए थे। निर्माण सामग्री विभिन्न तल पहुंचाने के लिए लगाई गई लिफ्ट की रस्सी टूटने से यह हादसा हुआ। मजदूर सुरक्षा किट भी नहीं पहने हुए थे।
Next Story