
x
पिथौरागढ़। दक्षिण कोरिया में होने वाले आगामी एशियन गेम्स के लिए पिथौरागढ़ निवासी यशस्वी जोशी का चयन राष्ट्रीय महिला शूटिंग टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से यशस्वी के परिजनों के साथ ही क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
17 वर्षीया यशस्वी जोशी 10 मीटर पिस्टल कैटेगरी में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। वह अपनी कड़ी मेहनत और अपने पिता तथा कोच मनोज जोशी के अथक प्रयासों के चलते आज इस मुकाम तक पहुंची हैं। जिला मुख्यालय के नजदीक चंडाक क्षेत्र में उनके पिता शूटिंग एकेडमी चलाते हैं, जहां अन्य बच्चों के साथ ही यशस्वी भी बचपन से शूटिंग में अपने हुनर को निखारती रहीं। उन्होंने 11 वर्ष की उम्र से इस खेल में हाथ आजमाना शुरू कर दिया था।
जूनियर और यूथ कैटेगरी में यशस्वी ने राज्य स्तर पर कई पुरस्कार हासिल किए और राष्ट्रीय स्तर पर अपने वर्ग में कांस्य पदक भी प्राप्त किया है। गौरतलब है कि दक्षिण कोरिया में आगामी 9 नवंबर से इस वर्ष के एशियन गेम्स आयोजित होने हैं।

Gulabi Jagat
Next Story