ओडिशा

जगन्नाथ मंदिर में अज्ञात लोगों ने 'महाप्रसाद' बनाने वाले 40 चूल्हे को किए क्षतिग्रस्त

Deepa Sahu
3 April 2022 12:05 PM GMT
जगन्नाथ मंदिर में अज्ञात लोगों ने महाप्रसाद बनाने वाले 40 चूल्हे को किए क्षतिग्रस्त
x
ओडिशा के पुरी में स्थित विश्वविख्यात जगन्नाथ मंदिर में मिट्टी के 40 चूल्हे रविवार को क्षतिग्रस्त अवस्था में पाए गए।

ओडिशा के पुरी में स्थित विश्वविख्यात जगन्नाथ मंदिर में मिट्टी के 40 चूल्हे रविवार को क्षतिग्रस्त अवस्था में पाए गए। इन चूल्हों का इस्तेमाल 'महाप्रसाद' तैयार करने में किया जाता था जो भगवान को अर्पित किया जाता है। ये चूल्हे दुनिया की सबसे बड़ी रसोई 'रोसा घर' में थे। जानकारी के अनुसार लगभग 300 कुंतल चावल इस रसोई में रोज पकाया जाता है।

मंदिर में तोड़फोड़ की जानकारी मिलने के बाद जिला कलेक्टर समर्थ वर्मा ने पुलिस अधीक्षक वीके सिंह के साथ घटनास्थल का दौरा किया था। जिला कलेक्टर ने कहा, 'रोसा घर में लगभग 40 चूल्हों के साथ तोड़फोड़ की गई है। हमने इस संबंध में एक रिपोर्ट मांगी है और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।'
उन्होंने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। पुलिस और मंदिर के अधिकारियों की ओर से एक संयुक्त जांच का आदेश भी जारी किया गया है। जिला कलेक्टर ने कहा कि इस घटना से फिलहाल श्रद्धालुओं को महाप्रसाद मिलने में असर पड़ेगा, लेकिन दो दिन के अंदर हालात सामान्य हो जाएंगे।
रिकॉर्ड्स ऑफ राइट्स (आरओआर) के अनुसार 12वीं शताब्दी के इस मंदिर की रसोई में 240 पंजीकृत चूल्हे हैं। इनमें से 40 को नुकसान पहुंचा है। रसोई में प्रवेश की अनुमति केवल सुआराओं (रसोइये) को होती है। शक है कि शनिवार रात हुई इस घटना में कुछ सेवकों का हाथ हो सकता है। इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
Next Story