ओडिशा

युवती ने डाक्टर पर शोषण और प्रताड़ित करने का लगाया आरोप, पढ़ें पूरा मामला

Gulabi
4 Feb 2022 10:40 PM IST
युवती ने डाक्टर पर शोषण और प्रताड़ित करने का लगाया आरोप, पढ़ें पूरा मामला
x
डाक्टर पर शोषण और प्रताड़ित करने का आरोप
संबलपुर : पृथ्वी पर भगवान का दूसरा रूप कहे जाने वाले डॉक्टर के खिलाफ एक युवती ने शारीरिक शोषण करने, गर्भवती हो जाने के बाद गर्भपात कराने और बाद में विवाह करने से मुकर जाने का संगीन आरोप लगाते हुए, स्थानीय बुर्ला थाना में रिपोर्ट दर्ज करायी है। पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपों की जांच करने समेत उसका डॉक्टरी जांच और मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज कराया है। इसे लेकर लोगों में तरह तरह की चर्चा शुरू हो गई है।
बुर्ला पुलिस थाने में दर्ज अपनी रिपोर्ट में पीड़ित युवती ने बताया है कि कुछ वर्ष पहले वह अपनी मां के इलाज के लिए जब बुर्ला हॉस्पिटल आई थी तभी उसकी मुलाकात एक मेडिकल छात्र के साथ हुई थी। तब वह मेडिकल छात्र उसपर मोहित हो गया था और प्रेम निवेदन भी किया, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया था। इसके बाद मेडिकल छात्र ने वैदिक रीतिनीति से विवाह करने का झांसा देकर युवती को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। युवती को लेकर पुरी भी गया और वहां युवती को चूड़ी-सिदूर देकर विवाह भी किया। इसके बाद से उसका शारीरिक शोषण करने लगा। यह सिलसिला कई महीनों तक चला और इसी दौरान मेडिकल छात्र अपनी डिग्री हासिल कर सरकारी डाक्टर बन गया।
पीड़ित युवती के अनुसार, बार बार शारीरिक संबंध की वजह से जब वह गर्भवती हो गई और प्रेमी डाक्टर पर विवाह करने के लिए जोर देने लगी तब उसने गर्भपात कराने के बाद विवाह करने पर राजी हुआ। उसकी बातों पर राजी होकर युवती ने डॉक्टर के साथ रायपुर जाकर गर्भपात करवा लिया। इसके बाद से प्रेमी डाक्टर का रवैया बदल गया। वह युवती से दूर होने लगा। फोन करना भी बंद कर दिया। किसी तरह उससे संपर्क हुआ तब डाक्टर ने पहले विवाह करने और फिर उसे पहचानने से इनकार कर दिया। और तो और, डाक्टर ने विवाह के बजाय लिव इन रिलेशन में रहने का प्रस्ताव दिया। इससे आहत युवती ने न्याय की खातिर उसे वकील से नोटिस भी भेजा, लेकिन डॉक्टर ने युवती के आरोपों का खंडन कर दिया। ऐसे में अन्य कोई उपाय नहीं सूझने पर पीड़ित युवती ने बुर्ला थाना में प्रेमी डाक्टर के खिलाफ संगीन आरोप लगाते हुए लिखित रिपोर्ट दर्ज करा दिया, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
Next Story