
Odisha ओडिशा : सुरक्षाकर्मियों ने आज ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में 27 मई को एक पत्थर खदान से चुराए गए 4 टन विस्फोटकों का एक बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया। डीआईजी (पश्चिमी रेंज) बृजेश कुमार राय ने आज बताया कि सुरक्षा बलों ने पड़ोसी राज्य झारखंड के सारंडा जंगल में तलाशी अभियान के दौरान चोरी किए गए विस्फोटकों का 70 प्रतिशत से अधिक बरामद कर लिया है। विस्फोटक ओडिशा-झारखंड सीमा पर सारंडा जंगल के पास स्थित तिरिलपोश में पाए गए। डीआईजी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान हुए विस्फोट में एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया। ओडिशा पुलिस ने पहले पुष्टि की थी कि 27 मई (मंगलवार) को सुंदरगढ़ के के बलांग इलाके में पत्थर खदान से विस्फोटकों से लदे ट्रक को अगवा करने में झारखंड के माओवादियों का हाथ था। पुलिस के अनुसार, झारखंड से करीब 30 हथियारबंद माओवादी 27 मई को सुबह करीब 10 बजे पत्थर खदान पहुंचे और कर्मचारियों तथा वाहन के चालक को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर जिलेटिन की छड़ों से लदे ट्रक को हाईजैक कर लिया।
इस घटना से आशंका पैदा हो गई है कि चोरी किए गए विस्फोटकों का इस्तेमाल ओडिशा तथा अन्य राज्यों में माओवाद विरोधी अभियानों में लगे सुरक्षा बलों के खिलाफ किया जा सकता है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया, आईजी (ऑपरेशन) दीपक कुमार तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राउरकेला पहुंचे और जांच का जायजा लिया।
ओडिशा तथा झारखंड के सुरक्षा बलों ने सीआरपीएफ कर्मियों के साथ मिलकर चोरी किए गए विस्फोटकों को बरामद करने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया था।





