ओडिशा

पंजीकृत कर्मयोगियों को प्रदान किया गया 6 हजार की विशेष आर्थिक सहायता

Gulabi
23 Dec 2021 12:10 PM GMT
पंजीकृत कर्मयोगियों को प्रदान किया गया 6 हजार की विशेष आर्थिक सहायता
x
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को राज्य के कर्मयोगियों को उनका हक प्रदान किया है
भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को राज्य के कर्मयोगियों (अखबार वितरकों) को उनका हक प्रदान किया है। कर्मयोगियों को विशेष कोविड सहायता राशि प्रदान करने के साथ ही इन्हें सामाजिक सुरक्षा योजना में शामिल किया गया है। इस सहायता के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की तरफ से सात हजार 300 कर्मयोगियों का डाटा तैयार कर इन्हें पंजीकृत किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक पंजीकृत कर्मयोगी के खाते में गुरुवार कोविड आर्थिक सहायता के तौर पर 6 हजार रुपये प्रदान किया है। यह राशि मुख्यमंत्री राहत कोष से दी गई है।
इस सहायता राशि को प्रदान करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मयोगी अखबार एवं पाठक के बीच का सेतु होते हैं। गर्मी, बारिश, ठंड हर मौसम में यहां तक कि कोविड महामारी के समय भी कर्मयोगी अपनी तकलीफ को भूलकर पाठकों के पास अखबार पहुंचाते हैं।
डिजिटल युग में भी अखबार की मांग कम नहीं हुई है। कोविड सहायता के साथ कर्मयोगियों को असंगठित सामाजिक सुरक्षा बोर्ड में भी शामिल कर इनकी मदद की जाएगी। दुर्घटना संबंधित मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये की सहायता राशि के साथ ही स्वभाविक मृत्यु होने पर 1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। दुर्घटना के कारण पूरी तरह से अक्षम हो जाने वाले कर्मयोगी को डेढ़ लाख रुपये की सहायता सरकार की तरफ से देने की व्यवस्था की गई है। दुर्घटना में आंशिक रूप से घायल कर्मयोगी को 80 हजार रुपये एवं एक अंग गंवाने वाले व्यक्ति को 40 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के कारण आम लोगों की तरह कर्मयोगी भी आर्थिक असुविधा का सामना कर रहे हैं। ऐसे में सभी पंजीकृत कर्मयोगियों को हमारी सरकार ने यह सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के राहत कोष से यह सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा कर्मयोगियों को काम करने में असुविधा न हो, इसके लिए प्रत्येक जिले में वर्कशेड बनाया जाएगा। यह वर्कशेड गृह एवं नगर विकास विभाग की तरफ से तैयार किया जाएगा।
Next Story