
Bhubaneswar भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को बाढ़ से प्रभावित इलाकों के लिए 1,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की। उन्होंने बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, मयूरभंज, क्योंझर और केंद्रपाड़ा जिलों में बाढ़ की मौजूदा स्थिति का जायजा लेने के बाद इस पैकेज की घोषणा की। बाढ़ से अब तक लगभग 9.40 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
माझी ने पत्रकारों से कहा, "1,000 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा शुरुआती अनुमान के आधार पर की गई है और बाढ़ प्रभावित जिलों से नुकसान का विस्तृत आकलन मिलने के बाद जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पैकेज में फसल के नुकसान के लिए किसानों को कृषि सब्सिडी, बीज की आपूर्ति, लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं की मरम्मत और अपनी आजीविका गंवाने वाले लोगों को मदद पहुंचाना शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के कारण राज्य में बाढ़ का यह दूसरा दौर है।





