
Odisha ओडिशा: ओडिशा के कई हिस्सों में प्री-मॉनसून बारिश शुरू हो गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य में अलग-अलग स्थानों पर बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं और अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए भी अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
IMD के वैज्ञानिक उमाशंकर दास ने बताया कि राज्य में प्री-मॉनसून बारिश की शुरुआत हो चुकी है और इसका असर कई जिलों में देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के विस्तार के लिए मौसमीय स्थितियां और बेहतर हो सकती हैं।
मौसम विभाग ने आज कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे स्थानीय प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
IMD ने बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, अंगुल, ढेंकनाल, क्योंझर, मयूरभंज, बौध, कोरापुट, मलकानगिरी और नयागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज वॉर्निंग जारी की है। इन क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली कड़कने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा गजपति, गंजम, पुरी, खुर्दा, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, सोनेपुर, नुआपाड़ा, बोलनगीर, कालाहांडी, कंधमाल, नबरंगपुर और रायगढ़ा जिलों के लिए येलो वॉर्निंग जारी की गई है। इन जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। बिजली कड़कने और तेज हवाओं के समय विशेष सावधानी बरतने की भी अपील की गई है।
प्री-मॉनसून बारिश से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं किसानों और आम लोगों ने भी राहत की सांस ली है। लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है।
स्थानीय प्रशासन को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे मौसम में और बदलाव देखने को मिलेगा।





