
Odisha ओडिशा : राज्य में 31 मार्च तक भांग की खेती को पूरी तरह से खत्म करने के उद्देश्य से पुलिस तंत्र कदम उठा रहा है। इसी के तहत उसने कार्रवाई की है। पिछले साल एक नवंबर को शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत 25 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में भांग के पौधों को नष्ट किया जा चुका है। डीजीपी वाईबी खुरानिया के निर्देशानुसार संबंधित जिलों के एसपी इस संबंध में सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीन माह में 591 मामले दर्ज किए गए हैं। जनवरी में 8,269 एकड़ में पौधों को हटाने और जलाने के 213 मामले दर्ज किए गए थे। हाल ही में निरीक्षण और छापेमारी में हुई वृद्धि के कारण मान्यम क्षेत्रों में खेती करने वाले आरोपी अब पहाड़ियों पर इसकी खेती कर रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस उनकी पहचान के लिए ड्रोन और सैटेलाइट का इस्तेमाल कर रही है। पुलिस और आबकारी विभाग रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, बौध, कोंडमाल, गजपति, गंजाम और नवरंगपुर जिलों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं आंकड़े बताते हैं कि पिछले साल पुलिस ने राज्य में 15,000 हेक्टेयर भूमि पर भांग के पौधों को नष्ट करने के 350 मामले दर्ज किए।





