
Odisha ओडिशा : अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर गुरुवार को ऑलिव रिडले (समुद्री कछुए) के संरक्षण पर छात्र-छात्राओं के लिए चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। स्थानीय कापूवीडीह स्थित आंध्र महिला समाज के प्रांगण में आयोजित प्रतियोगिता में करीब सौ लड़के-लड़कियों ने भाग लिया और सुंदर चित्र बनाए। ब्रह्मपुरा सबुजा वाहिनी के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), आंध्र महिला समाज और डॉ. श्रीराम रंगा राव मेमोरियल ट्रस्ट का सहयोग रहा। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक हरिकृष्ण पंडा थे। अतिथि के रूप में सरोज चंद्रा, ए. सतीश लाल (हैदराबाद), सत्यनारायण महाराणा, हेमसुंदर आदि विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां शामिल हुईं। प्रियांशु चौधरी, प्रबीन कुमार सामंतरा और आद्याश पोलाय क्रमश: पहले तीन स्थान पर रहे। अतिथियों ने उन्हें स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम के संयोजक की भूमिका सागर प्रसाद पात्रा ने निभाई। इस अवसर पर सतीश लाल (हैदराबाद) द्वारा गंजम जिले के रिडलेज़ तट पर खींचे गए चित्रों की एक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।





