
Odisha ओडिशा : स्थानीय डायमंड टैंक रोड स्थित श्री विराट पोतुलूर वीरब्रह्मेंद्र स्वामीजी मंदिर परिसर के मंडप में सोमवार की रात स्थानीय 'श्री मल्लेश्वर नृत्य कला निकेतन' के तत्वावधान में आयोजित कुचिपुड़ी व भरतनाट्यम शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शास्त्रीय नृत्य गुरु नाट्याचार्य बी शिवप्रसाद राव, टी सारदा व वाई लावण्या द्वारा प्रस्तुत 'मोहिनी भस्मासुर' नृत्य प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। इच्छापुरम (आंध्र) से आए पी लक्ष्मीनारायण ने अपने शिवतांडवम से प्रभावित किया। इस अवसर पर नृत्य कला निकेतन की अध्यक्ष डॉ. जमुल्ला नारायण राव व जमुल्ला शैलजा तथा वरिष्ठ संगीत कलाकार टी तारिणी राव का दंपत्ति द्वारा अभिनंदन किया गया। नाट्याचार्य शिवप्रसाद राव की देखरेख में कई बालिकाओं ने अपने नृत्य से दर्शकों का मनोरंजन किया। यह प्रदर्शनी विराट पोतुलूर वीरब्रह्मेन्द्र स्वामीजी भक्त समिति के तत्वावधान में 'श्री स्वामी के 55वें वार्षिक नवरात्रोत्सव' के तहत आयोजित की गई थी और भक्त समिति के प्रतिनिधियों ने सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट किए और उन्हें बधाई दी।





