
Odisha ओडिशा : कालाहांडी जिले के धर्मगढ़ के उपजिलाधिकारी व आईएएस अधिकारी धीमान चकमा को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार रात उन्हें सतर्कता अधिकारियों ने एक क्रशर व्यापारी से धर्मगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास पर 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। बाद में उनके आवास की तलाशी में 47 लाख रुपये के नोट मिले। रात भर तलाशी चलती रही। क्रशर लाइसेंस के लिए व्यापारी से 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाले धीमान को सतर्कता ने आधी रकम एडवांस के तौर पर लेते हुए पकड़ लिया। उपजिलाधिकारी अपने आवास पर मिली नकदी के संबंध में उचित स्पष्टीकरण नहीं दे सके। इसके साथ ही उन्हें गिरफ्तार करने वाले सतर्कता अधिकारियों ने उन्हें कोर्ट में पेश किया। धीमान, त्रिपुरा के कंचनपुर से 2021 ओडिशा कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। वे दो साल से धर्मगढ़ में उपजिलाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।





