
Odisha ओडिशा : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने राज्य के ब्रह्मपुरा स्थित 162 साल पुराने ब्रह्मपुरा मंडल कारा को प्रतिष्ठित 'ईट राइट कैंपस' प्रमाण पत्र प्रदान किया है। मंडल कारा के वरिष्ठ अधीक्षक धीरेंद्रनाथ बारिक ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि जेल में कैदियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, पर्यावरण स्वच्छता आदि को ध्यान में रखते हुए यह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया और इसे '3 स्टार' रैंकिंग दी गई है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मपुरा मंडल कारा यह प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाली देश की करीब सौ जेलों में से एक है। उन्होंने कहा कि यह प्रमाण पत्र इस वर्ष 24 मार्च से 23 मार्च 2027 तक दो वर्षों के लिए वैध होगा। उन्होंने कहा कि मंडल कारा में प्रतिदिन एक हजार कैदियों के लिए भोजन पकाया जाता है और यह काम पचास कर्मचारी व कैदी करते हैं वरिष्ठ अधीक्षक बारिक ने बताया कि इस वर्ष फरवरी में संगठन के प्रतिनिधियों की एक टीम ने मंडला जेल के रसोईघर का दौरा किया और भोजन की गुणवत्ता आदि का निरीक्षण किया।





