
Odisha ओडिशा: कटक में मेडिकल छात्रा चंद्रिका भंजबाला हेम्ब्रम की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए उसके कथित बॉयफ्रेंड भीमसेन प्रसाद टुडू को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार को की। मामले की जांच जारी है और पुलिस को इस केस में अहम सबूत मिलने का दावा किया गया है।
कटक के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) खिलारी ऋषिकेश ज्ञानेश्वर ने बताया कि जांच में ऐसे पर्याप्त सबूत सामने आए हैं जो भीमसेन को उन परिस्थितियों से जोड़ते हैं, जिनकी वजह से चंद्रिका ने कथित तौर पर यह कदम उठाया। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह माना जा रहा है कि आरोपी की गतिविधियों ने ऐसा माहौल बनाया, जिसके चलते यह घटना हुई।
डीसीपी ने आगे बताया कि सबूतों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया गया है। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि आगे की पूछताछ के लिए जरूरत पड़ने पर उसे रिमांड पर लिया जा सकता है।
यह मामला 4 जून को सामने आया था, जब बालासोर के फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की MBBS तृतीय वर्ष की छात्रा चंद्रिका हेम्ब्रम (29) का शव कटक के त्रिसुलिया ब्रिज के पास काठाजोड़ी नदी से बरामद किया गया था। वह ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायडांडिया गांव की रहने वाली थी।
जांच में सामने आया है कि चंद्रिका और भीमसेन एक-दूसरे को प्लस-II के समय से जानते थे और लंबे समय से रिश्ते में थे। परिजनों के अनुसार, दोनों ने वर्ष 2027 में शादी करने की योजना भी बनाई थी।
हालांकि, पुलिस जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि बाद में भीमसेन के किसी अन्य महिला के साथ संबंधों को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था, जिसके चलते उनके रिश्ते में दरार आ गई।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों तथा अन्य परिस्थितियों को भी खंगाला जा रहा है।





