ओडिशा

सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर ब्लॉक में तीसरे चरण का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में हुआ संपन्न, 65 फीसद मतदान

Gulabi
22 Feb 2022 9:21 AM GMT
सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर ब्लॉक में तीसरे चरण का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में हुआ संपन्न, 65 फीसद मतदान
x
सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर ब्लॉक में तीसरे चरण का चुनाव सम्पन्न
राजगांगपुर : सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर ब्लॉक में तीसरे चरण का चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। ब्लाक के 20 पंचायत में चुनाव के लिए 265 बूथ बनाए गए थे। सुबह से ही बूथों पर सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष मतदान के लिए कतारबद्ध नजर आए। महिलाओं से लेकर बुजुर्ग व युवाओं में मतदान के लिए विशेष उत्साह देखा गया। सुबह सात बजे से निर्धारित समय दोपहर एक बजे के बाद चली मतदान प्रक्रिया में कुल 70 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदाता सुबह सात बजे से ही घर से निकलकर बूथों पर पहुंचकर लाइन में खड़े हो गए थे। सबसे ज्यादा भीड़ कुकुड़ा के उपर पाड़ा गांव के बूथ में देखी गई। हालांकि यहां वोट देने आई महिलाओं ने प्रशासनिक व्यवस्था पर नाराजगी जतायी। कहा न तो यहां पीने का पानी है और ना ही महिलाओं के लिए अलग बूथ बनाया गया है। महिलाओं ने बताया कि सुबह से हम लाइन में खड़े है पर हमारा नंबर नहीं आ रहा। बहुत धीरे मतदान चल रहा। मतदान केंद्र में सुबह से ही लंबी लाइन लगी हुई थी। कुल चार पदो के लिए मतदान होने के कारण मतदान की गति थोड़ी धीमी रही और दोपहर बारह बजे तक लगभग तीस प्रतिशत ही मतदान हुआ था। कई मतदान केंद्र पर शाम तक मतदान हुआ। गरवना पंचायत, कुकुड़ा मुंडा पंचायत, लाइंग, कुटुनिया, जोरूमाल, अलंडा, मालिडीह, डूडी, कांसबहाल पंचायत सहित अन्य बूथों पर मतदान करने के लिए सुबह से ही मतदाताओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। सभी बूथों पर कोई घटना न हो इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। एक जगह छिटपुट घटना को छोड़ कर पूरे ब्लाक में शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न हुआ। राजगांगपुर ब्लाक में कुल 82 हजार 721 मतदाता हैं। ब्लाक के 20 पंचायत में 106 सरपंच, समिति सदस्य के लिए 81, जिला परिषद की दो सीटों के लिए सात उम्मीदवार मैदान में हैं। जिला परिषद बनाने को तीनों दल के बड़े नेता कांग्रेस के विधायक डाक्टर राजन एक्का, बीजू जनता दल के पूर्व विधायक मंगला किसान एवं भाजपा के सांसद जुएल ओराम अपना पूरा जोर लगाए हुए थे, अब देखना है कि किसके हिस्से जीत आती है और किसके हिस्से हार। इस बार कई पढ़े लिखे उम्मीदवार सहित एमबीए, बीटेक उम्मीदवार भी अपने गांव की तस्वीर बदलने का वादा कर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। - राजगांगपुर ब्लाक में कुल वोटर्स की संख्या : 82721
-राजगांगपुर ब्लॉक में कुल पंचायतों की संख्या : 20
- राजगांगपुर ब्लाक में कुल सरपंच उम्मीदवारों की संख्या : 106
- कुल समिति सदस्य पद के उम्मीदवार : 81
- जिला परिषद की दो सीटों के लिए कुल उम्मीदवार : 7
-वार्ड सदस्य के लिए कुल उम्मीदवार : 333
Next Story