
x
पूर्व विधायक उमेश स्वांई का निधन
जगतसिंहपुर जिला के बालीकुदा के पूर्व विधायक उमेश स्वांई का आज निधन हो गया है। मृत्यु के समय उनकी उम्र 74 साल थी। भुवनेश्वर स्थित आवास पर हार्टअटैक के चलते आज भोर के समय उनका निधन हो जाने की बात परिवार सूत्र से जानने में आयी है। पूर्व विधायक स्वांई के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके चाहने वालों में खासकर जगतसिंहपुर जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। उमेश स्वांई जगतसिंहपुर जिले के सदाबहार नेता थे। बालीकुदा विधानसभा सीट से वह चार बार विधायक चुने गए थे।
छात्र जीवन में उमेश स्वांई मधुसुदन ला कालेज के अध्यक्ष थे और तभी से उनकी राजनीतिक जीवनचर्या भी शुरू हो गई थी। इसी समय उनकी बीजू पटनायक के साथ नजदीकी हुई। 1977-80 में वह पहली बार जनत दल से विधायक बने। इसके बाद 1990 में जब बीजू पटनायक ने सरकार की बागडोर सम्भाली तब भी वह 5 साल तक विधायक के रूप में काम करते रहे। इसके बाद जनता दल से उनका मोह भंग हुआ और वह कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस से 2000-2004, 2004-2009 दो बार विधायक बने। इसके बाद पुन: वह बीजू जनता दल में शामिल हो गए थे।
पूर्व विधायक उमेश को स्वास्थ्य से संबंधित कोई बीमारी नहीं थी। पिछली रात को भोजन करने के बाद वह सो गए थे मगर आज भोर में अचानक हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया। परिवार वालों का कहना था कि वह कुछ दिनों बाद गांव जाने की बात कह रहे थे मगर उनके गांव जाने की इच्छा अधूरी रह गयी। उनका अंतिम संस्कार जन्मभूमि में किए जाने की जानकारी परिवार वालों ने दी है।
बालीकुदा के पूर्व विधायक तथा वरिष्ठ बीजद नेता उमेश चन्द्र स्वांई के निधन की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक एवं केन्द्र मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने टवीट कर लिखा है कि बालीकुदा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक उमेश चन्द्र स्वांई के निधन की खबर सुनने के बाद मैं अत्यंत दुखित हूं। जनप्रतिनिधि के तौर पर नि:स्वार्थ सेवा एवं जनहित कार्य के लिए उन्हें सदैव याद रखा जाएगा। उनकी अमर आत्मा की सदगति के लिए मैं कामना करता हूं। इसके साथ ही उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।
वहीं केन्द्र मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने भी ट्वीट कर लिखा है कि वरिष्ठ राजनेता तथा बालीकुदा विधानसभा चुनाव क्षेत्र के पूर्व विधायक उमेश चन्द्र स्वांई के निधन की खबर मिलने के बाद से मैं काफी दुखित हूं। उन्होंने अपने लम्बे समय के राजनीतिक जीवन जो कार्य किया है, वह सदैव याद रखा जाएगा। उनकी अमर आत्मा की सदगति के लिए कामना करने के साथ ही शोककाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदना है।
Next Story





