ओडिशा

BJP सांसद की बेटी के पोस्ट से मचा विवाद

Saba Naaz
26 July 2026 9:18 PM IST
BJP सांसद की बेटी के पोस्ट से मचा विवाद
x

भुवनेश्वर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर ओडिशा भाजपा में नया विवाद खड़ा हो गया है। भुवनेश्वर की भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी की बेटी अर्चिता सचिन रहर के सोशल मीडिया पोस्ट ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी पैदा कर दी है। आरोप है कि रहर ने NEET पेपर लीक विवाद के बीच धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जश्न मनाते हुए पोस्ट किया, जिस पर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई है।

जानकारी के अनुसार, अर्चिता सचिन रहर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें राष्ट्रीय ध्वज की पृष्ठभूमि में धर्मेंद्र प्रधान की तस्वीर दिखाई गई थी। पोस्ट में उन्होंने NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के विरोध के बीच धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का उल्लेख करते हुए इसे लेकर खुशी जाहिर की थी।

इस पोस्ट के सामने आने के बाद ओडिशा भाजपा के कई नेताओं ने नाराजगी जताई। पार्टी नेताओं का कहना है कि धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा से जुड़े वरिष्ठ नेता हैं और लंबे समय से राज्य और केंद्र की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।

हालांकि, सांसद अपराजिता सारंगी की ओर से बेटी की पोस्ट पर अलग रुख देखने को मिला। उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में पोस्ट करते हुए कहा कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना साहस का काम होता है। उन्होंने धर्मेंद्र प्रधान के कठिन समय में उनके साथ खड़े होने की बात कही और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

सूत्रों के अनुसार, धर्मेंद्र प्रधान के कार्यालय की ओर से संपर्क किए जाने के बाद सांसद अपराजिता सारंगी ने अपनी बेटी से पोस्ट हटाने के लिए कहा था। हालांकि, अर्चिता रहर ने पोस्ट हटाने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी राय रखने का अधिकार है और वह अपने बयान पर कायम हैं।

सांसद कार्यालय के सहायक धनेश्वर बारिक ने इस मामले पर कहा कि हर व्यक्ति को अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि सांसद की बेटी जेन-जी पीढ़ी से आती हैं और उन्होंने अपनी बात रखने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले का राजनीतिक असर क्या होगा, यह समय बताएगा।

अर्चिता रहर ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में धर्मेंद्र प्रधान के निजी सहायक को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने संकेत दिया कि पहले भी उनसे पोस्ट हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन वह अपनी बात से पीछे नहीं हटेंगी।

वहीं, ओडिशा भाजपा नेताओं ने इस मामले को लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर की है। भुवनेश्वर सेंट्रल विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रह चुके जगन्नाथ प्रधान ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा की धरती के बड़े नेता हैं और उनके इस्तीफे से पार्टी कार्यकर्ताओं को दुख पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि अपराजिता सारंगी को अपने परिवार के सदस्यों के बयानों पर ध्यान देना चाहिए और बेटी की टिप्पणी को लेकर ओडिशा की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का देश और ओडिशा के लिए बड़ा योगदान रहा है, इसलिए उनके खिलाफ नकारात्मक टिप्पणी उचित नहीं है।

भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी एक परिवार की तरह काम करती है और मुश्किल समय में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा जैसी अनुशासित पार्टी में किसी वरिष्ठ नेता के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जा सकता।

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में राजनीतिक बहस तेज है। धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दिया है, जिसके बाद उनके समर्थक इसे नैतिक जिम्मेदारी के रूप में देख रहे हैं, जबकि विपक्ष इसे परीक्षा व्यवस्था की विफलता से जोड़ रहा है। अब देखना होगा कि यह विवाद ओडिशा भाजपा की आंतरिक राजनीति पर कितना असर डालता है।

Next Story