ओडिशा

जगन्नाथ पुरी हैरिटेज कारिडोर को लेकर मामला, बीजद सांसद के काफिले पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हमला

Gulabi Jagat
29 May 2022 10:52 AM GMT
जगन्नाथ पुरी हैरिटेज कारिडोर को लेकर मामला, बीजद सांसद के काफिले पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हमला
x
पुरी में हेरिटेज कारिडोर का मुद्दा उठाने के बाद बीजद सांसद पिनाकी मिश्रा पर हमला हुआ है
पुरी, एएनआइ। पुरी में हेरिटेज कारिडोर (Jagannath Puri Heritage Corridor) का मुद्दा उठाने के बाद बीजद सांसद पिनाकी मिश्रा पर हमला हुआ है। परियोजना पर विवाद के बीच उनके टिप्पणी करने के कुछ घंटों बाद, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को निशाना बनाते हुए स्याही फेंकी और उन्हें काले झंडे दिखाए हैं। पुलिस के अनुसार घटना झदेश्वरी मंदिर के पास हुई है और इसके संबंध में आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कहा-भगवान जगन्नाथ भी चाहते हैं हेरिटेज कारिडोर
बीजद सांसद पिनाकी मिश्रा ने आज ही इस मामले को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि तीर्थ नगरी में हेरिटेज कारिडोर के काम को कोई नहीं रोक सकता है क्योंकि भगवान जगन्नाथ भी ऐसा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना में कुछ भी अवैध नहीं हो रहा है, मिश्रा ने कहा कि अगर किसी को इससे कोई समस्या है, तो वे अदालतों का दरवाजा खटखटा सकते हैं।
भाजपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
मिश्रा ने शनिवार को कहा, "निर्माण कार्य चौबीसों घंटे चल रहा है। भगवान जगन्नाथ की भी यही कामना है कि परियोजना का काम जल्द से जल्द पूरा हो।" उन्होंने कहा कि कोई भी एजेंसी चल रहे निर्माण कार्य को नहीं रोक सकती जैसा कि भगवान चाहते हैं। मिश्रा ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस को चल रहे कार्यों से कोई आपत्ति है तो वे कोर्ट जा सकते हैं।
विपक्ष का प्राचीन संरचना को नुकसान पहुंचाने का दावा
बता दें कि विपक्षी दल और कई सामाजिक-धार्मिक संगठन 12 वीं शताब्दी के मंदिर के पास निर्माण कार्यों का विरोध कर रहे हैं, उनका दावा है कि उन्होंने प्राचीन संरचना को नुकसान पहुंचाया है। सरकार तीर्थयात्रियों के लाभ के लिए परियोजना के एक हिस्से के रूप में कई आधुनिक सुविधाओं का निर्माण कर रही है, जिसका उद्देश्य पुरी को एक अंतरराष्ट्रीय गंतव्य बनाना है।
मठों को नष्ट करने का आरोप
गोवर्धन पीठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह विकास के नाम पर पुरी के मठों को "नष्ट" कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार को यह नहीं सोचना चाहिए कि जनता का जनादेश हमेशा उसके साथ रहेगा।
Next Story