
Odisha ओडिशा: राजधानी भुवनेश्वर में सोमवार तड़के एक 20 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना में युवक के पिता और बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, कुछ नकाबपोश हमलावर घर में घुसे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घायल तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कृष्ण चंद्र पाधी उर्फ बुद्धि (20) के रूप में हुई है। वह गंजम जिले के सोराडा का रहने वाला था और वर्तमान में भुवनेश्वर में रहकर +3 (अंडरग्रेजुएट) के दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। घटना सोमवार सुबह खंडगिरी थाना क्षेत्र के कोलाथिया चौक के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के पिता हिमांशु पाधी (54) स्थानीय मंदिर में पुजारी हैं। हमले के दौरान उन्होंने अपने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। कृष्ण की बहन तपसी पाधी भी भाई को बचाने के दौरान घायल हो गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के अनुसार, हिमांशु पाधी की हालत बेहद गंभीर है और उनका इलाज एम्स भुवनेश्वर में चल रहा है। बताया जा रहा है कि वह कोमा में हैं, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक चिकित्सकीय बयान का इंतजार है।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) जगमोहन मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार परिवार पिछले लगभग 20 वर्षों से कोलाथिया इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 के किनारे अपने एक रिश्तेदार की जमीन पर बने घर में रह रहा था। परिवार पर पहले भी कोई बड़ा हमला होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की मां का करीब एक वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद परिवार में केवल पिता, बेटा और बेटी ही साथ रह रहे थे। घटना के समय भी तीनों घर पर मौजूद थे।
डीसीपी ने बताया कि कृष्ण की बहन के बयान के अनुसार रविवार और सोमवार की दरमियानी रात दो नकाबपोश हमलावर उनके घर पहुंचे। दोनों ने घर में घुसकर कृष्ण पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जब पिता और बहन ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही खंडगिरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल एम्स भुवनेश्वर ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार सुबह कृष्ण चंद्र पाधी ने दम तोड़ दिया। पिता और बहन का इलाज जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि अभी हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है तथा मामले से जुड़े हर सुराग की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज गति से की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।





