
Odisha ओडिशा : मनमोहन सामल अगले तीन साल तक भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बने रहेंगे। उन्होंने सोमवार को भुवनेश्वर स्थित पार्टी कार्यालय में अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय पर्यवेक्षक संजय जायसवाल, चुनाव अधिकारी, बालासोर के सांसद प्रताप चंद्र सारंगी, अन्य मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की मौजूदगी में जयकारों के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। मंगलवार को उनके कार्यभार संभालने की संभावना है। भद्रक जिले के धामनगर के रहने वाले मनमोहन छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उनका आरएसएस से घनिष्ठ संबंध रहा है और वे पहली बार 1999 में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने थे। वे 2000 में राज्यसभा सांसद चुने गए थे। वे 2004 में धामनगर से विधानसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने तत्कालीन बीजद-भाजपा गठबंधन सरकार में राजस्व, आपदा प्रबंधन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री के रूप में कार्य किया। उन्हें 2023 में दूसरी बार सर्वसम्मति से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। पिछले साल हुए आम चुनाव में उनके नेतृत्व में कमल दल ने प्रदेश की बागडोर संभाली। लंबे समय से चला आ रहा सपना पूरा हुआ। पार्टी ने सभी 20 संसदीय सीटों पर जीत दर्ज की।





