ओडिशा

ओडिशा में बोले अखिलेश यादव, पीडीए दे रहा समानता का संदेश

SHIDDHANT
9 Nov 2025 8:49 PM IST
ओडिशा में बोले अखिलेश यादव, पीडीए दे रहा समानता का संदेश
x
Odisha ओडिशा
Odisha ओडिशा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को ओडिशा दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने नौपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी रमाकांत हाती के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और समाजवादी पार्टी की विचारधारा को जनता के सामने रखा। अखिलेश यादव ने कहा, “समाजवादी पार्टी सम्मान और अधिकार की लड़ाई लड़ रही है। हम ओडिशा में पीडीए — यानी पिछड़ा, दलित, आदिवासी—का बीज बोने आए हैं। संविधान बचेगा तो आरक्षण बचेगा। लेकिन अगर सरकारी संस्थाएं निजी हाथों में चली गईं, तो आरक्षण खत्म हो जाएगा। आज पिछड़ों और दलितों को उनका हक और सम्मान नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि पीडीए में ‘ए’ का मतलब आदिवासी है, और जब इसमें अल्पसंख्यक समाज का समर्थन जुड़ता है, तभी समानता का आंदोलन पूरा होता है। अखिलेश ने जनता से अपील की कि वे एकजुट होकर ऐसी सरकार की नीतियों का विरोध करें, जो समाज को बांटने का काम कर रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने नेताजी मुलायम सिंह यादव और बीजू पटनायक के ऐतिहासिक संबंधों को याद करते हुए कहा कि “वह राजनीति का दूसरा दौर था, जहां सम्मान और संवाद था। आज की राजनीति में वैसी परिपक्वता नहीं दिखती।”
अखिलेश यादव ने कहा, “यहां एक इंजन शराब संभाल रहा है और दूसरा गांजा। भाजपा की डबल इंजन सरकार केवल भ्रम और भ्रष्टाचार की राजनीति कर रही है।” उन्होंने दावा किया कि बिहार में जनता ने महागठबंधन के पक्ष में अपना फैसला सुना दिया है और अब “खुशहाली की दीपावली लालटेन जलाकर मनाई जाएगी। उन्होंने तेजस्वी यादव की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक ऊर्जावान नौजवान नेता हैं, जो बिहार को नई दिशा देंगे। अखिलेश ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि “कई जगह पुलिस ने लोगों को वोट डालने से रोका, जबकि उनके पास पर्ची भी थी। जरूरी है कि चुनाव आयोग मतदाता सूची में फोटो स्पष्ट रखे और पारदर्शिता सुनिश्चित करे।”
सभा के अंत में अखिलेश यादव ने याद दिलाया कि जब वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने ओडिशा सरकार को “लैपटॉप वितरण” जैसी योजना शुरू करने की सलाह दी थी। “हमने यूपी में सबको लैपटॉप दिया था, लेकिन यहां वह वादा अधूरा रह गया,” उन्होंने कहा।
Next Story